उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा गुरुवार को लखनऊ(Lucknow) में महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े चारों सह-प्रभारियों के साथ राजधानी पहुंचेंगे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ संगठन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में बूथ स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्रों तक संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी।
माना जा रहा है कि इस दौरान विधान परिषद और राज्यसभा चुनावों से जुड़ी रणनीति को अंतिम रूप देने के साथ मिशन-2027 की तैयारियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। विनोद तावड़े ने प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद पांच सितंबर को पहली बार लखनऊ का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और संगठन व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश के राजनीतिक मुद्दों की जानकारी ली थी। इसके बाद 16 से 22 सितंबर के बीच उन्होंने लखनऊ, गोरखपुर समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया।
सह-प्रभारियों को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
गुरुवार की बैठक में तावड़े के साथ गुजरात के जगदीश ईश्वर पटेल, महाराष्ट्र की मेधा कुलकर्णी, झारखंड के अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा भी मौजूद रहेंगे। बैठक अलग-अलग चरणों में होने की बात कही जा रही है। इसी दौरान राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की संभावना भी जताई जा रही है।
चारों सह-प्रभारियों को नए क्षेत्रों की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि जगदीश ईश्वर पटेल को काशी, अनंत ओझा को पश्चिम क्षेत्र और प्रदीप वर्मा को कानपुर व अवध की जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं मेधा कुलकर्णी को ब्रज क्षेत्र या संगठन में समन्वय की भूमिका दिए जाने की चर्चा है।
दो दिन तक चलेगा तावड़े का प्रवास
तावड़े अपने दो दिवसीय दौरे में अवध और कानपुर क्षेत्र की अलग बैठक भी कर सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात की भी संभावना है। इस पूरे दौरे का फोकस संगठन की तैयारियों की समीक्षा और आने वाले चुनावों के लिए पार्टी के कामकाज को व्यवस्थित करने पर रहेगा।