HomeBreaking Newsउत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारी तेज, CM धामी ने किया...

उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारी तेज, CM धामी ने किया 4 बड़े फैसलों का ऐलान

उत्तराखंड(Uttarakhand) में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश में आपदा से बचाव, राहत और जागरूकता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सरकार का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित लोगों की मदद से नुकसान को कम करना और आम नागरिकों को सुरक्षित रखना है।

पूर्व सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये प्रशिक्षित लोग आम जनता को आपदा के समय बचाव और सुरक्षा के जरूरी उपायों की जानकारी देंगे।

स्कूल-कॉलेजों में तैयार होंगे आपदा मित्र

शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में अधिक विद्यार्थियों वाले स्कूलों और कॉलेजों में प्रत्येक 1,000 छात्रों पर एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को आपात स्थिति से निपटने के तरीके सिखाए जाएंगे।

घरों में आग लगने पर भी मिलेगी आपदा राहत

सीएम धामी ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे हादसों से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के निर्धारित मानकों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।

आपदा या सड़क दुर्घटना के दौरान बिना किसी स्वार्थ के राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को सरकार पुरस्कृत करेगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद के लिए आगे आने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा।

आपदा प्रबंधन से जुड़े दस्तावेजों का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। इसलिए केवल सरकारी स्तर पर तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी भी जरूरी है।

यह भी पढ़ें : हूतियों के हमलों से सऊदी अरब की बढ़ी चिंता, मदद को आगे आया पाकिस्तान, मुनीर ने सेना…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments