पाकिस्तान के सुरक्षा दावों की पोल खोलते हुए बलूचिस्तान हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने कराची डिस्ट्रिक्ट वेस्ट की फुटबॉल टीम को निशाना बनाया है। चीफ मिनिस्टर गोल्ड कप टूर्नामेंट में हिस्सा लेने कराची से क्वेटा जा रही इस टीम की बस को सोमवार शाम मस्तुंग और सरियाब के बीच करीब एक दर्जन बंदूकधारियों ने रोक लिया। बदमाशों ने खिलाड़ियों और अन्य यात्रियों को असलहे के बल पर बस से नीचे उतारा और उनके मोबाइल फोन, नकदी समेत सारा कीमती सामान छीन लिया। इस दौरान विरोध करने पर कई यात्रियों के सिर पर बंदूक के बट से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया गया।
क्वेटा पहुँचते ही खाली जेब
इस दर्दनाक वारदात के बाद जब टीम किसी तरह क्वेटा पहुँची, तो खिलाड़ियों के पास खाने-पीने तक के पैसे नहीं बचे थे। भारी वित्तीय संकट और दहशत के बीच टीम प्रबंधन ने बलूचिस्तान के खेल मंत्री से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खेल मंत्री ने तुरंत हस्तक्षेप किया और खिलाड़ियों के रहने व खाने के लिए दैनिक भत्ते का इंतजाम करवाया। टीम मैनेजर जुल्फिकार अली भुट्टो ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावर बेहद आक्रामक थे और उन्होंने बस में सवार हर शख्स को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया था।
चेतावनी को दरकिनार कर किया था सफर
इस वारदात ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिंध फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मुहम्मद आजम के अनुसार, क्वेटा में सुरक्षा स्थिति ठीक न होने के कारण टीमों को बस या ट्रेन से यात्रा न करने की सख्त सलाह दी गई थी। इसी डर से पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की फुटबॉल एसोसिएशनों के अलावा सिंध एसोसिएशन ने भी अपनी मुख्य टीम इस टूर्नामेंट में नहीं भेजी थी। कराची वेस्ट की टीम सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज कर रवाना हुई और इस अनहोनी का शिकार बन गई।
बलूचिस्तान में खिलाड़ियों पर बढ़ता चरमपंथी साया
बलूचिस्तान में खिलाड़ियों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले डेरा बुगती इलाके से दो स्थानीय क्रिकेटरों के अपहरण की खबर ने भी खेल जगत को स्तब्ध कर दिया था। मस्तुंग और क्वेटा को जोड़ने वाला यह हाईवे काफी समय से उग्रवादी गुटों की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। लगातार होती लूटपाट और अपहरण की घटनाओं ने इस पूरे इलाके में दहशत फैला दी है, जिससे अब मैदान पर उतरने से पहले खिलाड़ियों को अपनी जान की चिंता सताने लगी है।
READ MORE: फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से ध्वस्त हुए मकान, 5 लोगों की दर्दनाक मौत, 3 हुए घायल

