ग्रेटर नोएडा से नोएडा और दिल्ली(Greater Noida to Delhi) की ओर जाने वाले रास्ते पर बुधवार को लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। एमिटी यूनिवर्सिटी से डीएनडी तक करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी हुई है। हजारों गाड़ियां जाम में फंसी हैं, जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दलित प्रेरणा स्थल और महामाया फ्लाईओवर के आसपास स्थिति ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां वाहनों की रफ्तार लगभग थम गई है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वीवीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं और लगातार ट्रैफिक को सामान्य कराने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्रेड शो के चलते ट्रैफिक प्लान जारी
ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित होना है। कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
पुलिस के अनुसार, 24 से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपोमार्ट के आसपास भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
इन वाहनों को रहेगी छूट
दूध, फल, सब्जियों जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने वाले वाहनों और मेडिकल इमरजेंसी से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
एक्सपोमार्ट जाने वालों के लिए रूट
एक्सपोमार्ट जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड, संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड और एक्यूरेट कॉलेज तिराहा होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक जा सकेंगे।
वहीं, दूसरे रूट से आने वाले वाहन गलगोटिया कट से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं। इसके बाद यहां से एक्सपोमार्ट पहुंचा जा सकेगा।
[…] ग्रेनो से दिल्ली-नोएडा जाने वालों के ल… […]