HomeBreaking Newsफरीदकोट में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदकोट में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदकोट(Faridkot) में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने एक युवक और महिला को 1 किलो 118 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 5,100 रुपये की ड्रग मनी भी मिली है। दोनों के खिलाफ सदर कोटकपूरा थाने में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, एसएसपी गुरबंस सिंह बैस के निर्देश पर सीआईए टीम गांव खारा में गश्त कर रही थी। बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास बाइक पर एक युवक और महिला संदिग्ध स्थिति में नजर आए। पुलिस ने दोनों को रोककर हिरासत में लिया। डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।

सीमावर्ती इलाके से खेप लाने का शक

पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजन कुमार निवासी पंजेके उत्तर, फिरोजपुर और राज कौर उर्फ छिंदर निवासी लाधुका मंडी, फाजिल्का के रूप में हुई है। एसपी जसप्रीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि नशीली खेप सीमावर्ती क्षेत्र से लाकर आगे सप्लाई की जानी थी।

राज कौर के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी और धोखाधड़ी के तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आई थी। पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर सप्लाई नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन की जांच करेगी।

चार महीने में 706 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 495 मामले दर्ज कर 706 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 81 किलो 493 ग्राम हेरोइन, 79 किलो पोस्त, 8,282 नशीली गोलियां, 2 किलो 287 ग्राम अफीम और करीब 76 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।

नशे के साथ अवैध हथियारों पर भी कार्रवाई

पिछले तीन महीनों में पुलिस ने 19 पिस्टल और एक पाइप गन बरामद की है। नशा तस्करों की 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति भी संबंधित अनुमति के बाद फ्रीज कराई गई। इसके अलावा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कोटकपूरा सिटी थाना क्षेत्र में चल रहे एक अनधिकृत नशा छुड़ाओ केंद्र को सील किया।

सेफ पंजाब हेल्पलाइन पर मिली 899 शिकायतों की जांच के बाद 415 केस दर्ज हुए। वहीं, प्रोजेक्ट संपर्क के तहत 2026 में 105 जागरूकता बैठकें आयोजित की गईं। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई रोकने और युवाओं को इससे दूर रखने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : Coal India के ठेका श्रमिकों को दिवाली से पहले बोनस का तोहफा…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments