Indian Railway : उत्तर रेलवे के दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। दिल्ली सराय रोहिल्ला और पालम रेलवे स्टेशनों के बीच आधुनिक ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाने के लिए रेलवे 7 अक्टूबर को 6 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लेगा। इस दौरान वंदे भारत, गरीब रथ और डबल डेकर समेत कुल 24 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 8 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।
काम का असर पहले से शुरू होगा
रेलवे के अनुसार, मुख्य ब्लॉक 7 अक्टूबर को रहेगा, लेकिन प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और मेंटेनेंस से जुड़े कामों के कारण ट्रेनों पर असर 5 अक्टूबर से ही शुरू हो जाएगा और 8 अक्टूबर तक जारी रहेगा। दिल्ली से हरियाणा, राजस्थान या गुजरात जाने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
5 और 6 अक्टूबर को ये ट्रेनें रद्द
5 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली–जैसलमेर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। 6 अक्टूबर को दिल्ली सराय रोहिल्ला–बांद्रा टर्मिनस गरीब रथ (12215), बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ (12216), जैसलमेर–दिल्ली एक्सप्रेस (14088), तिलक ब्रिज–सिरसा (15307) और भुज–दिल्ली सराय रोहिल्ला (20983) का संचालन नहीं होगा।
7 अक्टूबर को सबसे ज्यादा ट्रेनें कैंसिल
7 अक्टूबर को सबसे ज्यादा 17 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर (12985/12986), अजमेर–दिल्ली सराय रोहिल्ला जनशताब्दी (12065/12066), जोधपुर–दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस (26481/26482), चंडीगढ़–बांद्रा टर्मिनस (22452), सिरसा–तिलक ब्रिज (15308) और दिल्ली सराय रोहिल्ला–भुज (20984) शामिल हैं।
लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर भी असर
7 अक्टूबर को नई दिल्ली–शकूरबस्ती पैसेंजर (64095), दिल्ली सराय रोहिल्ला–फर्रूखनगर (74033/74036), दिल्ली–रेवाड़ी लोकल (54421, 54417, 74003, 74002) और हिसार–दिल्ली पैसेंजर (54310) भी रद्द रहेंगी। 8 अक्टूबर को बांद्रा टर्मिनस–चंडीगढ़ एक्सप्रेस (22451) का संचालन नहीं होगा।
8 ट्रेनों के बदले जाएंगे रूट
6 अक्टूबर को जम्मूतवी–बाड़मेर (14662), ओखा–साबरमती (09523), भुज–दिल्ली (19403), भुज–बरेली (14312) और वेरावल–हरिद्वार (09203) डायवर्ट रूट से चलेंगी। 7 अक्टूबर को बरेली–भुज (14321), शकूरबस्ती–ओखा (09524) और फिरोजपुर कैंट–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस (20424) भी अपने नियमित मार्ग के बजाय बदले हुए रास्ते से संचालित होंगी।
कुछ ट्रेनों के स्टेशन और समय में बदलाव
मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव भी किया गया है। मुक्तसर–दिल्ली सराय गंगानगर एक्सप्रेस (14030) दिल्ली सराय रोहिल्ला के बजाय नई दिल्ली स्टेशन पर ही समाप्त होगी। गंगानगर–दिल्ली एक्सप्रेस (14029) केवल रेवाड़ी तक चलेगी, जबकि रेवाड़ी–दिल्ली पैसेंजर (54411) रेवाड़ी के बजाय सीधे नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी।
इन ट्रेनों में भी देरी रहेगी
किशनगंज–अजमेर एक्सप्रेस (15715) 2 घंटे 40 मिनट की देरी से चलेगी। वहीं दिल्ली–साबरमती (12916) को 55 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे की ओर से जारी अपडेट के आधार पर अपनी ट्रेन का समय और संचालन स्थिति जरूर जांच लें।
Read More:
Coal India के ठेका श्रमिकों को दिवाली से पहले बोनस का तोहफा, PLI भुगतान पर भी बनी सहमति

