HomeBreaking Newsसोने-चांदी की कीमतों में लौटी चमक! एक हफ्ते में ₹2,406 महंगा हुआ...

सोने-चांदी की कीमतों में लौटी चमक! एक हफ्ते में ₹2,406 महंगा हुआ गोल्ड, चांदी में भी जबरदस्त उछाल, क्या खत्म हुई मंदी?

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कई हफ्तों से जारी गिरावट के बाद अब तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू सर्राफा बाजार में एक सप्ताह के भीतर सोने का भाव 2,406 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गया है, जबकि चांदी भी 1,772 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है।

लगातार गिर रहे भावों के बीच आई इस तेजी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या सोने-चांदी का मंदी वाला दौर खत्म हो गया है या यह सिर्फ कुछ दिनों की रिकवरी है?

एक हफ्ते में 2,406 रुपये महंगा हुआ सोना

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में इस सप्ताह करीब 1.94 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही 24 कैरेट सोने का भाव 1,23,893 रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर शुक्रवार को 1,26,299 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

इस तरह एक सप्ताह में सोने की कीमत 2,406 रुपये बढ़ गई है। पिछले कई हफ्तों से लगातार गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी की, जिससे सोने की कीमतों को सहारा मिला है।

चांदी की कीमतों में भी आई तेजी

सोने के साथ चांदी की चमक भी लौटती दिखाई दे रही है। IBJA के आंकड़ों के अनुसार, 999 शुद्धता वाली चांदी का भाव पिछले सप्ताह के अंत में 1,52,528 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो शुक्रवार तक बढ़कर 1,54,300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।

इस तरह एक सप्ताह में चांदी 1,772 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। हालांकि, पूरे सप्ताह चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

MCX पर भी सोने-चांदी में तेजी

वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने और चांदी में बढ़त दर्ज की गई।

MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 0.12 फीसदी की तेजी के साथ 1,25,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी में शुक्रवार को 7,000 रुपये प्रति किलोग्राम की जोरदार उछाल आई और इसका भाव 1,52,843 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

क्या खत्म हो गया सोने-चांदी की मंदी का दौर?

कीमती धातुओं में आई इस तेजी के बावजूद बाजार विशेषज्ञ इसे मंदी के पूरी तरह खत्म होने का संकेत नहीं मान रहे हैं। जानकारों के मुताबिक, हालिया तेजी मुख्य रूप से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता में सुधार और निचले स्तरों पर खरीदारी का नतीजा है। इसे सुरक्षित निवेश की मांग में बड़ी वापसी मानना अभी जल्दबाजी होगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि सोने और चांदी की आगे की चाल काफी हद तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आने वाले फैसलों पर निर्भर करेगी। अगर ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका मजबूत होती है, तो कीमती धातुओं की कीमतों पर दोबारा दबाव बन सकता है।

डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर रहेगी नजर

विश्लेषकों के मुताबिक, अगर अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में और गिरावट आती है और डॉलर कमजोर होता है, तो सोने और चांदी की कीमतों में रिकवरी जारी रह सकती है। इसके उलट, अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व उम्मीद से ज्यादा सख्त रुख अपनाता है, तो बाजार में दोबारा बिकवाली देखने को मिल सकती है।

यानी आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में अमेरिकी डॉलर, बॉन्ड यील्ड और फेडरल रिजर्व की नीतियों की अहम भूमिका रहने वाली है।

सोने-चांदी के लिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल

तकनीकी स्तर पर MCX गोल्ड के लिए 1,26,300 रुपये से 1,27,000 रुपये का दायरा तत्काल रेजिस्टेंस माना जा रहा है। वहीं, 1,21,000 रुपये से 1,21,700 रुपये के बीच का स्तर प्रमुख सपोर्ट है।

दूसरी ओर, MCX सिल्वर के लिए 1,56,000 रुपये से 1,58,000 रुपये का दायरा रेजिस्टेंस के रूप में देखा जा रहा है। जबकि 1,47,000 रुपये से 1,49,000 रुपये के बीच का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह आई तेजी ने निवेशकों को जरूर राहत दी है, लेकिन इसे मंदी का अंत मानना अभी जल्दबाजी होगी।

दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख से बाजार की अगली दिशा तय हो सकती है। अगर फेड का रुख सख्त रहा, तो सोने-चांदी में एक बार फिर मुनाफावसूली और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Read More:

पहले छलके आंसू, फिर खोला राज! ईशा देओल ने नाम के साथ क्यों जोड़ा पिता धर्मेंद्र का नाम?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments