उत्तर प्रदेश के बलरामपुर(Balrampur) में एक निजी स्कूल में 12 वर्षीय बच्ची की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब स्कूल के बाहर गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था और तेज आवाज में DJ बज रहा था। बताया जा रहा है कि DJ की आवाज सुनकर स्कूल में बच्चे उत्साहित होकर खेल-कूद रहे थे। इसी दौरान एक बच्ची अचानक बेंच पर गिर गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में बच्ची कुछ देर पहले तक अन्य बच्चों के साथ सामान्य रूप से खेलती नजर आती है। इसके कुछ समय बाद वह अचानक बेंच पर गिर जाती है।
आसपास मौजूद बच्चे उसे उठाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं लेकिन उन्हें समझ नहीं आता कि अचानक क्या हुआ। स्कूल प्रबंधन की ओर से आशीष उपाध्याय और उनके पिता सोनू तिवारी बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर बच्ची को हार्ट अटैक आने की बात सामने आई है हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
DJ की तेज आवाज पर उठे सवाल
घटना के बाद तेज आवाज में DJ बजाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि विसर्जन जुलूस स्कूल के बाहर से गुजर रहा था। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने की सख्ती की बात
बच्ची की मौत के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने DJ के इस्तेमाल को लेकर सख्त कदम उठाने की बात कही है। उनके अनुसार नगर क्षेत्र में DJ पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है। नियमों का उल्लंघन करने पर FIR दर्ज करने और 25 हजार रुपये तक जुर्माना लगाने की बात भी कही गई है। फिलहाल बच्ची की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
[…] […]