HomeBreaking NewsNamo Bharat ट्रेन में शुरू हुआ ‘ट्रिप पास’, अब बार-बार टिकट और...

Namo Bharat ट्रेन में शुरू हुआ ‘ट्रिप पास’, अब बार-बार टिकट और कार्ड रिचार्ज का झंझट खत्म

नमो भारत(Namo Bharat) ट्रेन से नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। अब हर बार अलग टिकट लेने या NCMC कार्ड को बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत कम हो जाएगी। नियमित यात्रियों के लिए ‘ट्रिप पास’ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसमें यात्री पहले से कई यात्राओं का भुगतान कर सकते हैं और तय रूट पर पास के जरिए सफर कर सकते हैं।

यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है जो नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के सिलसिले में रोजाना एक ही रूट पर आते-जाते हैं।

एक ही रूट पर अपने आप कटेगी ट्रिप

ट्रिप पास NCMC कार्ड पर लोड किया जाएगा। पास में चुने गए शुरुआती और अंतिम स्टेशन के बीच यात्रा करने पर एक ट्रिप अपने आप इस्तेमाल हो जाएगी। उदाहरण के लिए, अगर कोई यात्री सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित यात्रा करता है, तो वह अपनी जरूरत के हिसाब से पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है। खास बात यह है कि पास का इस्तेमाल एक दिन में एक से अधिक बार भी किया जा सकता है।

दूसरे रूट के लिए सामान्य किराया

ट्रिप पास केवल उसी स्टेशन जोड़ी के लिए मान्य होगा, जिसके लिए उसे खरीदा गया है। यदि यात्री किसी अन्य रूट पर सफर करता है तो उस यात्रा का सामान्य किराया NCMC कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा। इस वॉलेट में अधिकतम 2,000 रुपये तक राशि रखी जा सकती है।

1 से 40 ट्रिप तक का विकल्प

यात्रियों को 1 से 40 यात्राओं तक के पास खरीदने का विकल्प मिलेगा। यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के लिए उपलब्ध है। पास स्टेशन पर AFC गेट के पास बने काउंटर से लिया जा सकता है। नमो भारत यात्रियों को हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट भी मिलती है।

इसके साथ NCMC लॉयल्टी प्रोग्राम में खर्च किए गए प्रत्येक 1 रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट भी मिलता है। नमो भारत में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या रोज एक निश्चित रूट पर यात्रा करने वालों की है। ऐसे यात्रियों के लिए ट्रिप पास टिकट लेने और बार-बार कार्ड रिचार्ज करने की प्रक्रिया को आसान बना सकता है।

यह भी पढ़ें : नानकसर संप्रदाय के प्रमुख ने ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सम्मान (संशोधन) अधिनियम…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments