दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर रोज घंटों ट्रैफिक जाम में फंसने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। आने वाले समय में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के मुसाफिरों को सड़कों के भारी दबाव से बचाने के लिए ‘इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी’ सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज और अमेरिका की आर्चर एविएशन मिलकर भारत में इस हाई-टेक अर्बन एयर मोबिलिटी सेवा को धरातल पर उतारने की तैयारी में जुटी हैं।
नोएडा से गुरुग्राम का ढाई घंटे का सफर मिनटों में
सामान्य दिनों में पीक आवर्स के दौरान सड़क मार्ग से नोएडा से गुरुग्राम पहुंचने में डेढ़ से ढाई घंटे या उससे भी अधिक समय बर्बाद हो जाता है। प्रस्तावित एयर टैक्सी सेवा शुरू होने के बाद यही सफर हवाई रास्ते से महज 27 से 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी इलाकों के व्यस्त मार्गों पर यात्रा के समय को भारी स्तर पर कम करना है, जिससे छोटी दूरियों के लिए भी लोगों का आधा दिन खराब न हो।
हेलीकॉप्टर की तरह सीधे उड़ेगा ‘Midnight’ विमान
इस हवाई सफर के लिए आर्चर एविएशन के विशेष ‘Midnight’ eVTOL (इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग) विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। इस पूरी तरह से इलेक्ट्रिक विमान को टेक-ऑफ या लैंडिंग के लिए किसी लंबे रनवे की जरूरत नहीं होगी, बल्कि यह हेलीकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उड़ान भर सकेगा और सीधे जमीन पर उतर सकेगा। 1 पायलट और 4 यात्रियों की क्षमता वाले इस विमान की प्रोपेलर तकनीक पारंपरिक हेलीकॉप्टर के मुकाबले काफी कम शोर करेगी।
2026 के अंत तक भारत में आएंगे 200 विमान
कंपनियों के बीच हुए समझौते के तहत भारत में लगभग 200 Midnight eVTOL विमानों को संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अनुसार, वर्ष 2026 के अंत तक देश में इस सेवा का व्यावसायिक शुभारंभ कर दिया जाएगा। दिल्ली-एनसीआर के अलावा शुरुआती चरण में मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों में भी इस सेवा को शुरू किया जाएगा।
छतों पर बनेंगे वर्टिपोर्ट और DGCA की मंजूरी
इन विमानों के उतरने और उड़ान भरने के लिए शहरों में विशेष ‘वर्टिपोर्ट’ तैयार करने होंगे। उद्योग मंडल CII ने सुझाव दिया है कि बड़े अस्पतालों, टेक पार्कों, व्यावसायिक परिसरों और ऊंची सोसायटियों की छतों को वर्टिपोर्ट में बदला जा सकता है। हालांकि, इस सेवा को व्यावसायिक रूप से शुरू करने से पहले भारतीय विमानन नियामक DGCA से मंजूरी और कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करना होगा।
READ MORE: चीन की फर्स्ट लेडी के दीवाने हुए ट्रम्प! शी जिनपिंग की पत्नी के लिए लिखा ‘BEAUTIFUL’


[…] […]