President Droupadi Murmu Himachal Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश दौरे पर रहेंगी। वह सुबह 10:35 बजे हवाई मार्ग से एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी। यहां वह एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। सुबह 10:45 बजे शुरू होने वाले समारोह में राष्ट्रपति 91 डॉक्टरों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगी।
मनाली में दो दिन ठहरेंगी राष्ट्रपति
दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति सुबह 11:55 बजे एम्स के हेलीपैड से मनाली के लिए रवाना होंगी। मनाली पहुंचने के बाद वह सासे हेलीपैड से सर्किट हाउस जाएंगी, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति दो दिन मनाली में रहेंगी।
अटल टनल और हिडिंबा मंदिर जाएंगी
बुधवार सुबह राष्ट्रपति अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी। इसके बाद वह मनाली लौटकर लंच करेंगी। दोपहर बाद माता हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम है। 8 अक्टूबर की सुबह राष्ट्रपति सासे हेलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
CM और राज्यपाल भी बिलासपुर पहुंचेंगे
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी एम्स बिलासपुर पहुंचेंगे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर एम्स प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
43 MBBS डॉक्टरों को मिलेगी डिग्री
एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में 2020 बैच के 43 एमबीबीएस पासआउट डॉक्टरों को डिग्री दी जाएगी। इसके अलावा 2023 बैच के 14 एमडी-एमएस चिकित्सक, 2022 बैच के 26 नर्सिंग प्रशिक्षु और 9 पैरामेडिकल विद्यार्थियों को भी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
बिलासपुर से मनाली तक सुरक्षा कड़ी
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बिलासपुर, मनाली और अटल टनल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। एम्स परिसर और आसपास करीब 250 पुलिस तथा होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। मनाली से अटल टनल और हिडिंबा मंदिर जाने वाले मार्ग पर भी जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान यातायात नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।
एम्स बिलासपुर की ओपीडी आज बंद
राष्ट्रपति के दौरे और दीक्षांत समारोह के कारण मंगलवार को एम्स बिलासपुर की ओपीडी बंद रहेगी। मरीजों का ओपीडी पंजीकरण नहीं होगा और नियमित चिकित्सीय परामर्श भी नहीं दिया जाएगा। एम्स प्रशासन ने मरीजों से अपील की है कि वे नियमित जांच, फॉलोअप या चिकित्सीय परामर्श के लिए मंगलवार को अस्पताल न आएं। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।
अटल टनल 18 घंटे रहेगी बंद
राष्ट्रपति के अटल टनल दौरे के मद्देनजर मंगलवार शाम 8 बजे से बुधवार दोपहर 12 बजे तक अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। 7 अक्टूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने लोगों से इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अपनी यात्रा उसी के अनुसार तय करने की अपील की है।
Read More:
भारत-वेस्टइंडीज T20I पर मंडराया संकट, इकाना स्टेडियम के पास पहुंचा गोमती नदी का पानी

