Sri Guru Ravidas Ji: श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए पंजाब सरकार ने प्रदेशभर में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। इस अवसर पर ड्रोन शो, कीर्तन समागम, सेमिनार, वर्कशॉप, शोभा यात्राएं और राज्य स्तरीय समारोह सहित कई आयोजन किए जाएंगे।
बानी के प्रचार-प्रसार पर रहेगा जोर
पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी की बानी का प्रचार-प्रसार देश और विदेश तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी यूनिवर्सिटीज में विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए व्याख्यान, वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित होंगे, ताकि श्री गुरु रविदास जी के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। साथ ही कीर्तन समागम और ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे।
650 एकड़ में बनेगी श्री गुरु रविदास जी बगीची
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरु रविदास जी बगीची भी स्थापित की जाएगी। यह बगीची 650 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ प्रदेश के हर जिले में 6 लाख 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
शोभा यात्राओं से लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम तक
प्रकाश पर्व के दौरान सभी जिलों में मैराथन दौड़ और साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। वहीं जम्मू, बठिंडा और वाराणसी से श्री खुरालगढ़ साहिब तक शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मीनार ए बेगमपुरा में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
Read More:
होर्मुज में भारतीय नाविक की मौत पर भड़का भारत, ईरानी डिप्लोमैट को तलब कर मांगा जवाब

