Spain Ceuta: स्पेन-मोरक्को बॉर्डर के पर अफरातफरी मच गई है और पूरा इलाका युद्ध के मैदान जैसा हो गया। बेहतर जीवन की तलाश में मुस्लिम देश मोरक्को से हजारों की संख्या में लोग समुद्र और जमीन दोनों रास्तों से सेउटा में प्रवेश कर रहे हैं। कुछ लोग तैरकर समुद्र पार कर गए, तो कुछ ने बॉर्डर की कूद कर पार किया। इस नजारे को देखकर यकीन करना मुश्किल हो रहा था। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हंगामे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है। हालात इतने बिगड़ गए कि स्पेन की सरकार को सेना तैनात करनी पड़ी। सड़कों पर भीड़, समुद्र में तैरती लाशें और बॉर्डर पर व्यवस्था बिगड़ने से पूरे यूरोप में टेंशन का माहौल है।
कुछ ही दिनों में हजारों लोग पहुंचे
स्पेन के सरकारी टीवी के मुताबिक, गुरुवार को करीब 2,000 से 3,000 प्रवासी सेउटा में दाखिल हुए। इससे पहले स्थानीय प्रशासन ने जानकारी दी थी कि पिछले 10 दिनों के दौरान लगभग 1,500 से 2,000 लोग इलाके में प्रवेश कर चुके थे। रिपोर्ट के अनुसार, सेउटा में घुसने के बाद कुछ प्रवासी ‘विवा एस्पाना’ (स्पेन जिंदाबाद) के नारे भी लगाते दिखाई दिए।
बॉर्डर के गेट तोड़कर किया प्रवेश
सोशल मीडिया और ऑनलाइन सामने आए कई वीडियो में सैकड़ों प्रवासी जमीन पर बने सीमा गेट को तोड़कर शहर की ओर भागते नजर आए। वहीं बड़ी संख्या में लोग मोरक्को की ओर से समुद्र के रास्ते तैरकर या इनर ट्यूब के सहारे स्पेनिश सीमा तक पहुंचते दिखाई दिए। इन घटनाओं ने सीमा सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।
सेउटा में मानवीय आपातकाल घोषित
बढ़ते संकट को देखते हुए सेउटा क्षेत्र के राष्ट्रपति जीसस विवास ने इलाके में मानवीय और सामाजिक आपातकाल घोषित कर दिया। उन्होंने मैड्रिड से राष्ट्रीय स्तर पर आपातकाल लागू करने और सेना भेजने की मांग की है। हालांकि स्पेन के गृह मंत्रालय ने औपचारिक आपातकाल घोषित करने की मांग स्वीकार नहीं की, लेकिन अतिरिक्त संसाधन और सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
सेना और विशेष पुलिस की तैनाती
स्पेन सरकार ने बाद में घोषणा की कि सेउटा में सुरक्षाबलों की मदद के लिए मुख्य भूमि स्पेन से 60 सैनिकों की एक टुकड़ी भेजी गई है। इसके अलावा 200 विशेष पुलिस अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। वहीं, उत्तरी अफ्रीका में स्पेन के दूसरे स्वायत्त शहर मेलिला में भी सीमा पर झड़पों की खबरें सामने आई हैं, हालांकि वहां अतिरिक्त बल भेजे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
PM करेंगे हालात की समीक्षा
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज शुक्रवार को सेउटा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सुरक्षा बलों और स्थानीय अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा करेंगे। उनके साथ गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का भी मौजूद रहेंगे।
2021 जैसी स्थिति बनने की आशंका
प्रवासी अधिकारों के लिए काम करने वाले जकारिया जारोकी ने रॉयटर्स से कहा कि मौजूदा हालात मई 2021 की घटना जैसे दिखाई दे रहे हैं, जब कुछ ही दिनों में मोरक्को और सब-सहारा अफ्रीका से लगभग 10,000 लोग सेउटा में घुस आए थे। उन्होंने बताया कि इस समय भी बड़ी संख्या में लोग सीमा पार करने की कोशिश में सेउटा बॉर्डर के पास स्थित मोरक्को के फनिदेक शहर में जमा हो रहे हैं और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
9 शव मिलने से मचा हड़ंकप
गुरुवार देर रात मोरक्को के अधिकारियों ने प्रवासियों को सीमा पार करने से रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसी बीच सेउटा के स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार को 9 प्रवासियों के शव मिलने की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में इस इलाके में प्रवेश की कोशिश के दौरान जान गंवाने वाले प्रवासियों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिससे इस मानवीय संकट की गंभीरता और बढ़ गई है।
Read More:

