PM Modi On Anti Paper Leak Bill: लोकसभा और राज्यसभा से एंटी पेपर लीक संशोधन बिल पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दिया है। गुरुवार रात 10:40 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि सरकार देश में ‘विश्वस्त परीक्षा पद्धति’ सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने साफ किया कि पेपर लीक करने वालों और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी गैंग को बख्शा नहीं जाएगा।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा, ”कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार इस प्रकार की पेपर लीक की परेशानी झेल रही है। बच्चों के भविष्य पर भी इसके कारण संकट पैदा हो रहा है। इन सबको ध्यान में रखते हुए देशव्यापी, सभी राज्यों में भी और केंद्र में भी शिक्षा पद्धति में सुधार अनिवार्य हो गया है, टेक्नोलॉजी के भरपूर उपयोग की जरुरत हो गई है।” उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को अधिक भरोसेमंद बनाने के लिए सरकार लगातार सुधारों पर काम कर रही है।
Parliament passes a Bill that makes our examination system more robust! pic.twitter.com/OEvLKXoUaf
— Narendra Modi (@narendramodi) July 30, 2026
‘विश्वस्त परीक्षा पद्धति’ पर सरकार का फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद ने ऐसा विधेयक पारित किया है, जिससे परीक्षा प्रणाली और मजबूत होगी। उनके अनुसार सरकार टास्क फोर्स के गठन, फास्ट ट्रैक व्यवस्था और राज्यों से मिले सुझावों को लागू करने जैसे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आगे भी सुधार का सिलसिला जारी रहेगा।
पेपर माफिया को लेकर सख्त
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि कोई भी पेपर माफिया, पेपर लीक करने वाली गैंग या देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से सरकार संसद में यह विधेयक लेकर आई थी और जैसा वादा किया गया था, दोनों सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले इस बिल को मंजूरी दे दी है। उनका कहना था कि ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक जारी नहीं रहने दिया जाएगा।
वीडियो पर व्यूज की भरमार
प्रधानमंत्री ने 2 मिनट 26 सेकेंड के वीडियो में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। वीडियो पोस्ट होने के महज 17 मिनट के भीतर इसे 8 लाख से अधिक लाइक मिल गए। यह पिछले आठ दिनों में प्रधानमंत्री द्वारा साझा किया गया चौथा वीडियो था।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बनेगा कानून
एंटी पेपर लीक संशोधन बिल लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित हो चुका है। अब इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर और अधिसूचना जारी होने के बाद यह पूरे देश में कानून के रूप में लागू हो जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों का भरोसा और मजबूत होगा।
Read More:
लोकसभा के बाद अब राज्यसभा में भी पास हुआ परीक्षा संशोधन बिल, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बनेगा कानून

