WhatsApp Safety Tips: आज के समय में WhatsApp सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि इसका इस्तेमाल पैसों के लेनदेन और जरूरी जानकारियां साझा करने के लिए भी किया जाता है। ऐसे में साइबर ठग इस प्लेटफॉर्म को निशाना बनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
कभी बैंक अधिकारी तो कभी दोस्त या रिश्तेदार बनकर ठग यूजर्स से OTP, वेरिफिकेशन कोड और निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। कई बार लोग जल्दबाजी में अपनी गोपनीय जानकारी साझा कर देते हैं और कुछ ही मिनटों में उनकी जीवनभर की कमाई ठगी का शिकार हो जाती है।
इस तरह के साइबर फ्रॉड से बचने के लिए WhatsApp में कई सुरक्षा और प्राइवेसी फीचर्स दिए गए हैं। अगर आप भी WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं, तो इन पांच जरूरी सेटिंग्स को समझना और सही तरीके से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है।
अनजान नंबर से मैसेज आने पर रहें सावधान
अगर WhatsApp पर किसी ऐसे नंबर से मैसेज आता है, जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल नहीं है, तो ऐप सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दिखाता है। इससे आप मैसेज भेजने वाले के बारे में जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
जरूरत पड़ने पर उस नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट भी कर सकते हैं। खासतौर पर अगर कोई अनजान व्यक्ति पैसों या निजी जानकारी की मांग करता है, तो बिना जांच-पड़ताल किए जवाब न दें।
संदिग्ध नंबर को तुरंत करें ब्लॉक और रिपोर्ट
अगर कोई अनजान नंबर आपको लगातार मैसेज भेज रहा है या ठगी करने की कोशिश कर रहा है, तो उसे ब्लॉक कर दें। ऐसा करने के बाद वह व्यक्ति आपको WhatsApp पर मैसेज या कॉल नहीं कर पाएगा। इसके अलावा रिपोर्ट का विकल्प भी मौजूद है।
इसके जरिए संदिग्ध अकाउंट की शिकायत WhatsApp तक पहुंचाई जा सकती है। इससे प्लेटफॉर्म को स्पैम और धोखाधड़ी करने वाले अकाउंट की पहचान करने में मदद मिलती है।
अनजान कॉल को साइलेंट करने के लिए ऑन करें यह फीचर
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल कई बार साइबर ठगी का जरिया बन सकती हैं। इससे बचने के लिए WhatsApp में Silence Unknown Callers फीचर दिया गया है।
इसे चालू करने पर अनजान नंबरों से आने वाली कॉल की घंटी नहीं बजती। हालांकि, इन कॉल्स की जानकारी कॉल लॉग में दिखाई देती रहती है। इससे बार-बार आने वाली अनचाही कॉल से राहत मिल सकती है।
अपनी पर्सनल जानकारी को रखें सुरक्षित
WhatsApp में यूजर्स को अपनी प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन, ऑनलाइन स्टेटस, About और स्टेटस की प्राइवेसी नियंत्रित करने का विकल्प मिलता है। आप तय कर सकते हैं कि आपकी ये जानकारियां कौन देख सकता है।
बेहतर सुरक्षा के लिए इन सेटिंग्स को My Contacts तक सीमित रखना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे अनजान लोगों को आपकी निजी जानकारी देखने का मौका कम मिलता है।
टू-स्टेप वेरिफिकेशन से सुरक्षित रखें अपना अकाउंट
WhatsApp अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन बेहद जरूरी फीचर है। इसे एक्टिव करने के बाद यूजर को छह अंकों का PIN बनाना पड़ता है।
जब भी कोई आपके मोबाइल नंबर से किसी नए डिवाइस पर WhatsApp अकाउंट रजिस्टर करने की कोशिश करेगा, तो इस PIN की जरूरत होगी। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके अकाउंट को अपने फोन में इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है।
इन छोटी-छोटी बातों का भी रखें ध्यान
WhatsApp पर साइबर ठगी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतना भी बेहद जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या वेरिफिकेशन कोड साझा न करें। अगर कोई दोस्त या रिश्तेदार नए नंबर से अचानक पैसों की मांग करता है, तो पैसे भेजने से पहले उसके पुराने नंबर पर कॉल करके पुष्टि जरूर कर लें।
इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध फाइल डाउनलोड करने से बचें। अगर कोई व्यक्ति आप पर जल्दबाजी में पैसे भेजने या निजी जानकारी देने का दबाव बनाता है, तो सतर्क हो जाएं। WhatsApp के सुरक्षा फीचर्स आपके अकाउंट और निजी जानकारी को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं, लेकिन साइबर ठगी से बचने के लिए आपकी सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है।
Read More:
टीम इंडिया से बाहर होने पर छलका सूर्यकुमार यादव का दर्द, बोले- मुझे दुख हुआ, लेकिन उम्मीद अभी बाकी…

