Yashasvi Jaiswal Record: टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने उन्हें दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों की खास सूची में शामिल कर दिया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में हेगले ओवल के मैदान पर उतरते ही जायसवाल ने इतिहास रच दिया।
उन्होंने अपने शुरुआती 33 टेस्ट मुकाबले 33 अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया और पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर की बराबरी कर ली है।
लगातार 33 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेलने का रिकॉर्ड
यशस्वी जायसवाल ने 12 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ रोसेउ के विंडसर पार्क में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद से वह भारतीय टीम के लिए 33 टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं। खास बात यह है कि उनके करियर के शुरुआती सभी 33 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर आयोजित हुए हैं।
इस उपलब्धि के साथ जायसवाल दुनिया के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती 33 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं।
इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज संजय मांजरेकर के रिकॉर्ड की बराबरी की है। मांजरेकर ने भी अपने टेस्ट करियर के पहले 33 मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले थे।
सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे
इस खास रिकॉर्ड की सूची में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है। सचिन ने भारतीय टीम के लिए अपने शुरुआती 32 टेस्ट मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। हालांकि, यशस्वी जायसवाल ने 33वां टेस्ट भी नए मैदान पर खेलकर सचिन के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
इस सूची में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन भी शामिल हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने शुरुआती 24-24 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले थे।
इन टीमों के खिलाफ इतने टेस्ट खेल चुके हैं जायसवाल
यशस्वी जायसवाल के टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 10 मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5-5 टेस्ट, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4-4 टेस्ट खेले हैं।
वहीं, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ उनके नाम 2-2 टेस्ट मुकाबले हैं, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 1 टेस्ट खेला है। अलग-अलग देशों और मैदानों पर लगातार खेलने का यह सिलसिला उनके टेस्ट करियर की एक खास उपलब्धि बन गया है।
2027 में मांजरेकर का रिकॉर्ड तोड़ने का मिलेगा मौका
यशस्वी जायसवाल के पास आने वाले समय में इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका भी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2027 में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट 21 से 25 जनवरी तक नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है।
अगर जायसवाल इस मुकाबले में भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते हैं, तो वह एक नए मैदान पर अपना 34वां टेस्ट खेलेंगे और संजय मांजरेकर को पीछे छोड़कर इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे।
नागपुर में टेस्ट खेलने का पहली बार मिलेगा मौका
दिलचस्प बात यह है कि यशस्वी जायसवाल 6 फरवरी 2025 को नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक इस मैदान पर कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में 2027 में नागपुर टेस्ट उनके लिए इस मैदान पर पहला रेड-बॉल मुकाबला होगा।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाकी चार टेस्ट चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम, गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने हैं।
खास बात यह है कि जायसवाल इन चारों मैदानों पर पहले ही टेस्ट मैच खेल चुके हैं। ऐसे में नागपुर में 34वां अलग टेस्ट मैदान खेलने के बाद चेन्नई में अगला टेस्ट खेलते ही उनका अलग-अलग मैदानों पर लगातार टेस्ट खेलने का सिलसिला थम जाएगा।
फिलहाल, जायसवाल की यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और बड़ी उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो गई है।
Read More:

