मध्य प्रदेश के इंदौर में NEET परीक्षा देने गई 18 वर्षीय छात्रा(NEET Aspirant) निक्की यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लसूडिया थाना क्षेत्र की रहने वाली निक्की रविवार को महू स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंची थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों के अनुसार, काफी प्रयासों के बाद भी जब निक्की का कोई पता नहीं चला और उसका मोबाइल बंद मिला तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। सोमवार को भंवरकुआं थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
नर्मदा किनारे मिला निक्की का शव
इसी बीच करई थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी के किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान निक्की यादव के रूप में हुई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का कहना है कि निक्की अपने करियर को लेकर काफी सजग थी और उसने भविष्य के लिए कई सपने देखे थे।
परिवार के मुताबिक, परीक्षा के बाद निक्की ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसने बताया था कि वह महू से निकलकर भंवरकुआं पहुंच चुकी है। इसके बाद अचानक उसका फोन बंद हो गया और उससे संपर्क टूट गया। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि निक्की ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी और घटना के पीछे किसी अन्य कारण की भी जांच होनी चाहिए।
सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस शुरुआती जांच में हर पहलू को खंगाल रही है। छात्रा के मोबाइल रिकॉर्ड, आखिरी लोकेशन और परीक्षा के बाद उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है और मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।