जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए शनिवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में की गई। अधिकारियों ने बताया कि सोपोर क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया। जिन स्थानों पर कार्रवाई हुई उनमें जामिया कदीम, नसीम बाग, क्रांकशिवन, तरजूं, अमरगढ़, वारपोरा, बोमई और बोइंगटू जैसे इलाके शामिल हैं।
तलाशी में बरामद हुआ संदिग्ध चीजें
पुलिस का कहना है कि छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित संगठन से जुड़े दस्तावेज, साहित्य और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। सभी सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा ऑपरेशन कानूनी प्रक्रिया के तहत अंजाम दिया गया। तलाशी से पहले यूएपीए कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किया गया था। कार्रवाई के दौरान कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाह भी मौके पर मौजूद रहे।
पहले से दर्ज है मामला
पुलिस ने बताया कि सोपोर थाने में जमात-ए-इस्लामी से जुड़े मामले में UAPA की धारा 10 और 13 के तहत FIR दर्ज है। उसी मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित संगठनों और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह कार्रवाई ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की रणनीति का हिस्सा है।
Read More
बंगाल में लाउडस्पीकर पर बवाल, भीड़ ने पुलिस चौकी में मचाई तोड़फोड़, छोड़ने पड़े आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज से संभाले गए हालात