West Bengal Asansol Violence: बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर बड़ा विवाद हिंसा में बदल गया। शहर के रेलपार इलाके में गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। इस दौरान चौकी में तोड़फोड़ की गई और पुलिस वालों पर जमकर पथराव हुआ। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
प्रशासन के आदेश के बाद बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने के आदेश जारी किए थे। इसी को लेकर दिन में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी। शुरुआत में मामला शांत दिखाई दे रहा था, लेकिन शाम होते-होते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस चौकी पर हमला
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग रेलपार इलाके की पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो उठा। भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव किया और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ आम लोगों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में कई पुलिस वाले घायल
हिंसा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर भी सामने आई है। हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।
CCTV फुटेज से होगी पहचान
घटना के बाद डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस VG Satish Pasumarthy ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि इलाके में शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बंगाल में बढ़ी हिंसक घटनाएं
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में हिंसा की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद 6 मई को बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया था कि वह स्कॉर्पियो वाहन से घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
Read More:
पंजाब में गैंगस्टरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 552 ठिकानों पर छापेमारी कर 276 आरोपी किए गिरफ्तार

