Gig Workers Strike: अगर आप शनिवार को घर बैठे खाना, किराना या कैब बुक करने की योजना बना रहे हैं, तो आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। देशभर में गिग वर्कर्स ने आज दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस दौरान Zomato, Swiggy, Blinkit, Zepto, Ola, Uber और Rapido जैसी सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन
गिग एवं प्लेटफॉर्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में यह हड़ताल बुलाई है। यूनियन का कहना है कि ईंधन के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा असर डिलीवरी बॉय और कैब ड्राइवरों की कमाई पर पड़ रहा है।
यूनियन के मुताबिक, लाखों गिग वर्कर्स अपनी रोजी-रोटी के लिए बाइक और स्कूटर पर निर्भर हैं। ऐसे में पेट्रोल-डीजल महंगा होने से उनका दैनिक खर्च तेजी से बढ़ गया है, जबकि कंपनियों की ओर से प्रति किलोमीटर भुगतान या डिलीवरी चार्ज में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई।
ऐप बंद रखकर जताएंगे विरोध
GIPSWU ने कहा है कि हड़ताल के दौरान वर्कर्स अपने ऐप बंद रखेंगे और किसी तरह की डिलीवरी या राइड सेवा नहीं देंगे। यूनियन का दावा है कि यह विरोध केवल आर्थिक दबाव को लेकर नहीं, बल्कि गिग वर्कर्स के अधिकारों और उचित भुगतान की मांग को लेकर भी है।
गिग वर्कर्स की मुख्य मांग क्या?
यूनियन ने मांग की है कि गिग वर्कर्स के लिए कम से कम 20 रुपये प्रति किलोमीटर का सर्विस रेट तय किया जाए। उनका कहना है कि मौजूदा भुगतान मॉडल में बढ़ती महंगाई और ईंधन लागत के बीच काम करना मुश्किल होता जा रहा है। साथ ही यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार और कंपनियों ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा हो सकता है।
बड़े शहरों में ज्यादा असर
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी ऐप्स पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में पांच घंटे की यह हड़ताल लाखों ग्राहकों को प्रभावित कर सकती है। फूड डिलीवरी, इंस्टेंट ग्रॉसरी और कैब सेवाओं में देरी या अस्थायी बंद जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से विवाद
दरअसल, शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.64 रुपये, चेन्नई में 103.90 रुपये और बेंगलुरु में 106.17 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
कोलकाता में पेट्रोल की कीमत सबसे ज्यादा
कोलकाता में पेट्रोल की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी है, जहां 3.29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद नया रेट 108.74 रुपये प्रति लीटर हो गया है। नोएडा में पेट्रोल 98.04 रुपये और गुरुग्राम में 98.29 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं भुवनेश्वर में 3.60 रुपये की भारी बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 104.57 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
Read More:

