महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम मर्डर केस की याद ताजा कर दी है। मुंब्रा इलाके में एक महिला नर्स पर अपने प्रेमी की हत्या कर शव ड्रम में भरकर नाले में फेंकने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अरबाज खान के रूप में हुई है, जो पेशे से सिविल इंजीनियर था और डोंबिवली की एक निजी कंपनी में काम करता था।
पैसे लेने निकला था अरबाज
पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल को अरबाज किसी भुगतान के सिलसिले में दादर जा रहा था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। कई घंटे तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज के कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन खंगाली। इसी दौरान मेहजबीन शेख नाम की महिला नर्स का नाम सामने आया, जिसके साथ अरबाज के संबंध बताए जा रहे हैं।
वसई में मिली आखिरी लोकेशन
तकनीकी जांच में पुलिस को पता चला कि अरबाज के मोबाइल की आखिरी लोकेशन वसई इलाके में थी। उसी समय मेहजबीन की मौजूदगी भी वहीं दर्ज हुई थी। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया। 5 अप्रैल को पालघर जिले के विरार फाटा इलाके में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के पास एक नाले से ड्रम में बंद शव बरामद हुआ। शव काफी खराब हालत में था, लेकिन बाद में उसकी पहचान अरबाज खान के रूप में हुई।
उधार के पैसों को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया कि मेहजबीन ने अरबाज को कुछ रकम उधार दी थी और वह पैसे वापस मांग रही थी। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते अरबाज को सुनसान इलाके में बुलाया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वहां उसका हाथ-पैर बांधकर पीवीसी पाइप से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया गया।
पति समेत दो आरोपी फरार
पुलिस ने 7 मई को मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मेहजबीन का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजज्जम तालिब खान अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
Read More
आज नहीं कर पाओगे Zomato-Swiggy से लेकर ब्लिंकिट-जैप्टो तक से डिलीवरी ऑर्डर, देशभर में हड़ताल पर गिग वर्कर्स, जानिए क्यों?