July 1 New Rules: जुलाई महीने की शुरुआत बस 2 दिन बाद होने वाली है, इसके साथ ही कई अहम नियमों में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एक जुलाई से आधार, पासपोर्ट, कारों की कीमत, क्रेडिट कार्ड और दूसरी कई सेवाओं से जुड़े नए नियम लागू होंगे। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब और रोज के कामकाज पर पड़ेगा।
आधार अपडेट पर मिलेगी राहत
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने लोगों को बड़ी राहत दी है। अगर आप अपने आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट कराना चाहते हैं तो 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक यह सुविधा फ्री में मिलेगी। इससे पहले आधार कार्ड में ईमेल अपडेट कराने के लिए 75 रुपये देने पड़ते थे। इस फैसले का उद्देश्य लोगों को आधार कार्ड में अपनी नई जानकारी अपडेट करने के लिए उनका हौसला बढ़ाना है।
पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
एक जुलाई से पासपोर्ट बनवाने की फीस भी बढ़ जाएगी। अब सामान्य पासपोर्ट के लिए 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये देने होंगे। वहीं तुरंत पासपोर्ट बनवाने के लिए 3,500 रुपये के बजाय 5,000 रुपये देने होंगे । नई दरें 1 जुलाई से लागू होंगी।
कार खरीदने पर बढ़ेगा खर्च
अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। कई वाहन कंपनियों ने एक जुलाई से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल ने कीमतों में 1.5% तक और टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल ने 2.5% तक बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके अलावा किआ मोटर्स और BMW ने कीमतों में 2-2% और MG मोटर्स ने 3% तक वृद्धि करने का फैसला किया है।
क्रेडिट कार्ड के नियम भी बदलेंगे
एक जुलाई से कुछ क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में भी बदलाव लागू होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, SBI कार्ड ने कुछ चुनिंदा फोनपे एसबीआई कार्ड के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत कई नई सीमाएं लागू की गई हैं और कुछ ट्रांजैक्शन को रिवॉर्ड पॉइंट्स की कैटेगरी से बाहर कर दिया गया है।
HDFC रेगलिया गोल्ड कार्ड पर नई शर्त
HDFC बैंक ने भी रेगलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए एयरपोर्ट लाउंज सुविधा के नियमों में बदलाव किया है। अब कार्डधारक हर कैलेंडर साल की हर तिमाही में तीन बार मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें संबंधित तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये का खर्च करना होगा।
Read More:

