Los Angeles Earthquake: अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार को 5.0 तीव्रता के भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। भूकंप के झटकों से लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट के टर्मिनल की खिड़कियां टूट गईं और छत का एक पैनल नीचे गिर गया।
वहीं, रनवे की सुरक्षा को देखते हुए डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान की लैंडिंग रोकनी पड़ी। भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार को आए भूकंप ने लॉस एंजिल्स में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 दर्ज की गई।
इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के पास मैनहट्टन बीच के तट से दूर था। शुरुआती झटकों के बाद इलाके में कई बार आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। भूकंप का असर इतना तेज था कि इमारतों की खिड़कियां हिलने लगीं, कारों के अलार्म बज उठे और हवाई अड्डे पर विमान की लैंडिंग तक रोकनी पड़ी।
भूकंप के कारण विमान की लैंडिंग रद्द
भूकंप के दौरान लॉस एंजिल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (LAX) के पास पहुंच रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान को लैंडिंग की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। मीडिया में सामने आए फुटेज के मुताबिक, विमान रनवे पर उतरने ही वाला था कि तभी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रनवे पर संभावित दरार या नुकसान की आशंका को देखते हुए विमान के क्रू को लैंडिंग रोकने का निर्देश दिया गया।
लॉस एंजिल्स की मेयर कैरेन बास ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में इस फैसले को सही बताया। उन्होंने कहा, “ऐसा करना बिल्कुल सही था, क्योंकि जब तक रनवे की जांच नहीं हो जाती तब तक उन्हें कैसे पता चलता?” सुरक्षा के मद्देनजर रनवे की स्थिति की जांच करना जरूरी था।
एयरपोर्ट के टर्मिनल की खिड़कियां टूटीं
भूकंप के बाद आए एक आफ्टरशॉक के कारण लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट के एक टर्मिनल में छत का सफेद पैनल गिर गया। इसके अलावा टर्मिनल की कुछ खिड़कियां भी टूट गईं। घटना के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में डर का माहौल देखने को मिला।
मैरीलैंड की रहने वाली 27 वर्षीय वकील केना क्रेमर उस समय वॉशिंगटन स्थित अपने घर जाने के लिए फ्लाइट में सवार होने की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने स्थानीय मीडिया को बताया, “लोग डरे हुए थे। एक महिला की हल्की सी चीख सुनाई दी और फिर सब शांत हो गए।”
शेवरॉन रिफाइनरी में सक्रिय हुआ सेफ्टी सिस्टम
भूकंप के शुरुआती झटकों के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित शेवरॉन रिफाइनरी में भी सुरक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। संभावित खतरों से बचने के लिए रिफाइनरी में सेफ्टी फ्लेयरिंग शुरू की गई। इस प्रक्रिया में अतिरिक्त गैस को सुरक्षित तरीके से जलाया जाता है।
कंपनी ने बताया कि रिफाइनरी से आग और धुएं की लपटें रुक-रुककर निकल रही थीं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में थी। कंपनी के मुताबिक, इस प्रक्रिया से आसपास रहने वाले लोगों को किसी तरह का सुरक्षा जोखिम नहीं था।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
कैलिफोर्निया के गवर्नर के ऑफिस ऑफ इमरजेंसी सर्विसेज ने फेसबुक पर जानकारी दी कि भूकंप से हुए संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों को आफ्टरशॉक के प्रति सतर्क रहने की अपील भी की। एजेंसी ने कहा, “भूकंप के बारे में पहले से कुछ नहीं कहा जा सकता, इसलिए झटकों के लिए तैयार रहें।”
वहीं, लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (LAFD) के मुताबिक, शहर के बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं मिली है। फिलहाल अधिकारी भूकंप के प्रभावों का आकलन कर रहे हैं।
Read More:

