उत्तराखंड के गांवों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पाद अब देश ही नहीं बल्कि विदेशी बाजारों तक भी पहुंच रहे हैं। राज्य के अंब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज(House of Himalayas) ने अपनी शुरुआत के बाद करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। इस पहल का बड़ा उद्देश्य पहाड़ के उत्पादों को एक मजबूत ब्रांड पहचान देना और उनसे जुड़े ग्रामीण उत्पादकों की आजीविका को बेहतर बनाना है।
हाउस ऑफ हिमालयाज को दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। इसके बाद ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इसे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने और ‘वोकल फॉर लोकल’ से ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ाने की पहल के तौर पर पेश किया गया।
83 उत्पादों को एक ब्रांड के तहत बाजार
वर्तमान में हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत 83 उत्पाद शामिल हैं जिनमें 60 विशिष्ट उत्पाद बताए गए हैं। इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मिलेट्स, चावल, मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल और पर्सनल केयर उत्पाद, बेकरी आइटम और हस्तशिल्प जैसी कई श्रेणियां शामिल हैं। इन उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता और एक समान ब्रांड पहचान के साथ बाजार में उतारा जा रहा है।
5,500 महिलाओं को सीधे जोड़ने की कोशिश
इस ब्रांड की खास बात इसका महिला-केंद्रित मॉडल है। सरकार के मुताबिक, 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी करीब 5,500 महिलाएं इसकी आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ी हैं। यानी गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार मिलने के साथ स्थानीय महिला उत्पादकों के लिए कमाई के अवसर भी बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि लक्ष्य उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।
ऑनलाइन बाजार से विदेशों तक पहुंच
हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद अब स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं हैं। इन्हें Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के अलावा Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी खरीदा जा सकता है। ब्रांड की अपनी वेबसाइट से भी सीधे खरीदारी की सुविधा है।
सरकार के मुताबिक, कुछ उत्पाद Amazon Global के जरिए अमेरिका और कनाडा तक भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस तरह हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार, डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यापक ग्राहक आधार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
[…] हाउस ऑफ हिमालयाज ने रचा नया रिकॉर्ड, ₹6 … […]
[…] हाउस ऑफ हिमालयाज ने रचा नया रिकॉर्ड, ₹6 … […]