Vaishno Devi Navratri Security: शारदीय नवरात्रि महोत्सव और मां वैष्णो देवी यात्रा के दौरान कटड़ा में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। आधार शिविर कटड़ा से लेकर माता वैष्णो देवी भवन तक पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
500 से ज्यादा AI कैमरों से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कटड़ा और यात्रा मार्ग के प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर 500 से अधिक AI युक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इनके जरिए संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ की स्थिति और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
ICCC से हर गतिविधि पर नजर
कटड़ा और भवन में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। यहां से एआइ आधारित कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किसी असामान्य गतिविधि या भीड़ के दबाव की स्थिति में संबंधित टीमों को तत्काल सक्रिय किया जा सकेगा।
कटड़ा से भवन तक त्रिस्तरीय सुरक्षा
नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी भवन परिसर, सभी यात्रा मार्गों और आधार शिविर कटड़ा में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा लागू किया गया है। पुलिस के साथ सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवान भी लगातार निगरानी में जुटे हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी।
प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त जवान
कटड़ा से जुड़े प्रमुख प्रवेश मार्गों, विभिन्न सुरक्षा चौकियों और यात्रा मार्ग पर बने चेक प्वाइंट्स पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त कंपनियां भी लगाई गई हैं। जवानों को भीड़ के बीच लगातार गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
घोड़ा-पिट्ठू और पालकी श्रमिकों की भी जांच
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए काम करने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी श्रमिक भी सुरक्षा जांच के दायरे में हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उनके पहचान पत्रों की जांच कर रही हैं, ताकि यात्रा मार्ग पर काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जा सके। इन श्रमिकों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
यातायात और भीड़ प्रबंधन पर जोर
नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। यात्रा मार्ग पर भी भीड़ की स्थिति के अनुसार सुरक्षा और यातायात कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।
SSP ने श्रद्धालुओं से की अपील
एसएसपी रियासी मुकंद तिब्रेवाल ने कहा कि नवरात्र के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी जरूरी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कटड़ा से भवन तक सुरक्षा मजबूत करने के साथ एआइ युक्त सीसीटीवी कैमरों और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो दें सूचना
एसएसपी ने श्रद्धालुओं से पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा व यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी श्रद्धालु को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें। उन्होंने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि नवरात्र के दौरान मां वैष्णो देवी की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।
Read More:
इरफान ने थाईलैंड की लड़की से रचाई शादी, मांगे 60 लाख रुपये और धर्म परिवर्तन का बनाया दवाब

