दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की महत्वपूर्ण मंडी रोड को नेशनल हाइवे घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भी लिखा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पत्र में कहा है कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क का विकास भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से कराया जाए।
कई अहम रास्तों को जोड़ता है मंडी रोड
मंडी रोड छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास नेशनल हाईवे-148ए से शुरू होकर दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जुड़ती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि यह सड़क केवल स्थानीय यातायात के लिए ही नहीं, बल्कि दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच अंतरराज्यीय आवागमन के लिए भी एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक मार्ग है।
पहले भी उठ चुका है सड़क के विकास का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी ने अपने पत्र में जिक्र किया कि 27 सितंबर 2023 को आयोजित UTTIPEC की 68वीं बैठक में भी मंडी रोड के चौड़ीकरण और विकास का प्रस्ताव रखा गया था। उस बैठक में इस योजना का समर्थन किया गया था। अब दिल्ली सरकार चाहती है कि इस परियोजना को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और NHAI के अधीन लाया जाए, ताकि वित्तीय और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जा सके।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक व्यवस्था मजबूत होगी। इससे दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। साथ ही यात्रा का समय कम होगा और छतरपुर और मेहरौली रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
Read More
ITR भरने में हो गई गलती? रिवाइज्ड रिटर्न की नहीं पड़ेगी जरूरत, ऐसे तुरंत ‘डिलीट’ कर भरें नई ITR

