CM Shubhendu Adhikari PA Chandranath Rath Murder Case Update: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी गई है। इस मामले की जांच के लिए 7 सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई है, जिसकी अगुवाई DIG रैंक का अधिकारी करेगा। मंगलवार 12 मई 2026 को CBI पूरी तरह से कोलकाता पुलिस से केस अपने हाथ में ले लेगी।
पुलिस की सिफारिश के बाद लिया गया फैसला
सूत्रों के मुताबिक, इस सनसनीखेज हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने खुद इस मामले की जांच CBI से कराने की सिफारिश की थी। शुरुआती जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया। इसके बाद फैसला लेते हुए केस केंद्रीय एजेंसी को ट्रांसफर कर दिया गया।
कब हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या?
चंद्रनाथ रथ की 6 मई की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत विवासिटी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद देर रात राज्य के डीजीपी भी अस्पताल पहुंचे थे और मामले की जानकारी ली थी।
फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी का हुआ इस्तेमाल
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। घटनास्थल से कारतूसों के खोखे और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए थे। डीजीपी ने शुरुआती बयान में कहा था कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और फिलहाल इससे ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
बदमाशों ने लगातार बनाए रखी थी नजर
राज्य पुलिस सूत्रों और चश्मदीदों के हवाले से शुरुआत में यह जानकारी सामने आई थी कि चंद्रनाथ रथ की कार का काफी देर तक एक चार पहिया वाहन पीछा कर रहा था। बताया गया कि जब उनकी गाड़ी मध्यग्राम के दोहरिया मोड़ पर पहुंची, तब पीछा कर रही गाड़ी ने ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया और हमलावरों ने फायरिंग कर दी।
जांच में बदली पीछा करने की थ्योरी
हालांकि बाद की जांच में पुलिस को नए सुराग मिले। जांच एजेंसियों को अब शक है कि चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किसी चार पहिया वाहन ने नहीं, बल्कि एक मोटरसाइकिल ने किया था। इसी एंगल को अब जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। CBI टीम अब तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
Read More:

