तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और सुपरस्टार विजय ने पद संभालते ही बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। उनकी सरकार ने राज्य में 717 TASMAC मदिरा की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। ये वे दुकानें हैं जो मंदिरों, स्कूलों और बस स्टैंड्स के आसपास संचालित हो रही थीं। विजय सरकार के इस फैसले को लेकर राज्यभर में चर्चा तेज हो गई है और कई सामाजिक संगठनों ने इसका स्वागत किया है। अभिनेता और नेता कमल हासन ने भी इस कदम की खुलकर तारीफ की है।
दो हफ्ते के भीतर बंद होंगी दुकानें
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंड्स के 500 मीटर दायरे में मौजूद TASMAC दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद किया जाएगा। मुख्यमंत्री विजय ने इस फैसले को “जन कल्याण” और सामाजिक सुधार से जुड़ा कदम बताया है।
सर्वे के बाद लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने पूरे राज्य में शराब की दुकानों का सर्वे कराने का निर्देश दिया था। जांच में सामने आया कि कई TASMAC दुकानें नियमों के विपरीत संवेदनशील क्षेत्रों के बेहद करीब चल रही थीं। सर्वे के अनुसार 276 दुकानें पूजा स्थलों के पास, 186 दुकानें स्कूल और कॉलेजों के नजदीक, 255 दुकानें बस स्टैंड्स के आसपास पाई गईं। इन सभी 717 दुकानों को बंद करने का आदेश दिया गया है।
कमल हासन ने किया तारीफ
तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने सोशल मीडिया पर विजय की तारीफ करते हुए लिखा कि तमिल परिवार लंबे समय से चाहते थे कि धार्मिक स्थलों और शिक्षा संस्थानों के पास शराब की दुकानें बंद हों। उन्होंने कहा कि सरकारों का काम शराब की बिक्री बढ़ाना नहीं, बल्कि उस पर नियंत्रण रखना होना चाहिए। कमल हासन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में और भी शराब की दुकानें बंद की जाएंगी।
राज्य के लिए बड़ा राजस्व स्रोत है TASMAC
तमिलनाडु में शराब बिक्री का संचालन TASMAC यानी तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन के जरिए होता है। राज्य में फिलहाल करीब 4765 शराब की दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों से सरकार को हर साल बड़ा राजस्व मिलता है, लेकिन लंबे समय से विपक्षी दल और सामाजिक संगठन शराब दुकानों की संख्या कम करने की मांग उठाते रहे हैं।
Read More
CM शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में बड़ा एक्शन, CBI को सौंपी गई जांच, अब तक पुलिस ने 3 आरोपी दबोचे