HomeBreaking Newsअसम में फिर हिमंत सरकार का आगाज, लगातार दूसरी बार हिमंत बिस्वा...

असम में फिर हिमंत सरकार का आगाज, लगातार दूसरी बार हिमंत बिस्वा सरमा ने CM पद की ली शपथ, इन 4 विधायकों को बनाया गया मंत्री

Himanta Biswa Sarma Swearing-in Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने असम में एक बार फिर सत्ता पर कब्जा जमाते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बना ली है। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद मंगलवार को हिमंत बिस्वा सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

हिमंत बिस्वा सरमा ने रचा इतिहास

57 वर्षीय हिमंत बिस्वा सरमा असम के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं जिन्होंने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले राज्य की राजनीति में कांग्रेस का लंबे समय तक दबदबा रहा, लेकिन BJP के नेतृत्व में NDA ने पिछले कुछ वर्षों में असम की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई है। हिमंत के नेतृत्व में NDA की यह लगातार दूसरी सरकार है, जबकि गठबंधन की राज्य में कुल तीसरी सरकार बनी है।

इन चार नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें BJP के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल हैं। वहीं सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से चरण बोरो को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

पुराने चेहरों पर फिर जताया भरोसा

अजंता नियोग, अतुल बोरा और चरण बोरो इससे पहले भी हिमंता सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली की राज्य राजनीति में वापसी को अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि BJP ने अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन किया है।

शपथ ग्रहण में PM मोदी भी रहे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। पीएम मोदी सोमवार रात ही गुवाहाटी पहुंच गए थे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और BJP नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने खानापारा स्थित कोइनाधोरा राज्य अतिथि गृह में रात गुजारी।

कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री रहे मौजूद

समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ललन सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इसके अलावा NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे। समारोह में उद्योगपति, वैष्णव मठों के प्रमुख सत्राधिकार, BJP कार्यकर्ता और बूथ समिति अध्यक्षों की भी बड़ी मौजूदगी देखने को मिली।

2016 से लगातार मजबूत हो रही BJP

असम में NDA ने पहली बार 2016 में सत्ता हासिल की थी। उस समय सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे। बाद में हिमंत बिस्वा सरमा ने सत्ता संभाली और अब दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर उन्होंने राज्य में BJP की स्थिति और मजबूत कर दी है। चुनावी जीत और लगातार सत्ता में वापसी को पार्टी पूर्वोत्तर में अपनी बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देख रही है।

Read More:

श्रीनगर में सुरक्षाबलों ने की बड़ी कार्रवाई, लश्कर-ए-ताइबा के दो संदिग्ध लोग गिरफ्तार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments