प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस विशेष मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर 1990 के दशक का एक बेहद दिलचस्प संस्मरण सुनाया है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि जब लोग तकनीक का मज़ाक उड़ाते थे, तब भी नरेंद्र मोदी तकनीक के महत्व और भविष्य की दिशा को बखूबी समझते थे।
एकता यात्रा के बाद जब मोदी जी से मिलने गया, तो एक छोटे से कमरे में उन्हें कंप्यूटर पर काम करते देख अचरज हुआ… pic.twitter.com/U267pZyCmp
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 16, 2026
1990 में दिल्ली के एक छोटे कमरे में हुई थी मुलाकात
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना एकता यात्रा के समापन के बाद की है, जब उन्हें दिल्ली में नरेंद्र मोदी से मिलने का समय मिला था। उस समय गुजरात के अमरेली से तत्कालीन सांसद दिलीप भाई संघानी के सरकारी आवास के एक छोटे से कमरे में नरेंद्र मोदी बैठे हुए थे। चौहान ने याद करते हुए कहा कि उस दौर में जब भाजपा के किसी संगठन मंत्री को कानों में मफलर लपेटकर कंप्यूटर पर काम करते देखा, तो वह उनके लिए काफी हैरान करने वाला था।
जब ई-मेल के सवाल पर बाबूलाल गौर बोले- ‘यह फीमेल-फीमेल क्या है’
एक अन्य वाकया साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि 1998 में जब नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी बने थे, तब उन्होंने एक संगठनात्मक बैठक में पार्टी नेताओं से पूछा था कि किसके पास ई-मेल की सुविधा है। इस सवाल पर पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर ने मासूमियत से पूछ लिया था कि “यह फीमेल-फीमेल क्या करते रहते हो, इससे क्या होने वाला है?” बाबूलाल गौर की इस बात को सुनकर बैठक में मौजूद नरेंद्र मोदी हंस पड़े थे।
दूरदर्शी सोच ने देश को आधुनिक तकनीक से जोड़ा
शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि वे समय से बहुत आगे की सोच रखते हैं। राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने बहुत पहले ही यह भांप लिया था कि देश की प्रगति, विकास और जन-कल्याण के लिए आधुनिक तकनीक कितनी अनिवार्य है। आज देश में तकनीक के माध्यम से जो बदलाव और विकास दिख रहा है, वह उनकी इसी दूरगामी सोच का परिणाम है।
गुजरात के सीएम से देश के पीएम तक का सफर
उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी वर्ष 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और लगातार तीन बार इस पद पर रहे। इसके बाद वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाकर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में बागडोर संभाली। लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही वे वर्तमान में अपना तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं और सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं।
READ MORE: मार्च में सगाई, सितंबर में ब्रेकअप! क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल के रिश्ते का अंत!

