उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। CM योगी ने लखनऊ के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
बाबा दुग्धेश्वरनाथ की पावन धरा जनपद देवरिया के सलेमपुर एवं भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों में ₹305 करोड़ लागत की 80 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का आज लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, नियुक्ति-पत्र, टूल किट व सहायता… pic.twitter.com/TtdsagZiUf
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2026
CM योगी ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी विचारधारा के मुखिया जय प्रकाश नारायण को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पैसे से बने जेपीएनआईसी को सपा की ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ की तरह चलाने की साजिश थी। इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और उनके करीबी लोग शामिल होते।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेपीएनआईसी की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार के दौरान इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च किए गए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रही। उन्होंने कहा कि अब इसे पूरा करने में भी 150 से 200 करोड़ रुपये और खर्च हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार की मंशा सरकारी खजाने से 900 से 1000 करोड़ रुपये खर्च कर ऐसा सेंटर तैयार करने की थी, जिससे होटल, जिम और क्लब जैसी सुविधाओं से होने वाली कमाई परिवार के पास जाए।
सपा सरकार पर भी साधा निशाना
CM योगी ने सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में रोजगार की कमी थी और गरीबों के लिए आवास की व्यवस्था नहीं थी। बिजली और सड़कों की स्थिति खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल नकल के अड्डे बन गए थे और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल जर्जर स्थिति में थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की संवेदना मर चुकी थी। गरीब भूख से दम तोड़ता था और रास्ते में उसका राशन हड़प लिया जाता था। माफिया प्रदेश में समानांतर सत्ता चलाते थे। योगी ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की स्थिति बदल चुकी है और अब दुनिया यूपी के लोगों को सम्मान की नजर से देखती है।
अपनी अय्याशी के लिए प्रदेश के खजाने में डकैती डालने का जो पाप किया था, इसके लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए… pic.twitter.com/rTqbGI09RX
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2026

