HomeBreaking Newsप्रयागराज में बड़ा हादसा, तेज धमाके के बाद 3 मंजिला इमारत जमींदोज,...

प्रयागराज में बड़ा हादसा, तेज धमाके के बाद 3 मंजिला इमारत जमींदोज, स्वामीनारायण मंदिर में मची अफरा-तफरी

प्रयागराज(Prayagraj) के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में देर रात स्वामीनारायण मंदिर परिसर में बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढहकर पीछे की ओर खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरा। इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घबराए स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

राहत की बात यह रही कि हादसे के समय इमारत के इस हिस्से में कोई श्रद्धालु या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे एक बड़े हादसे और संभावित जनहानि को टाला जा सका।

निर्माण के लिए खोदा गया था गहरा गड्ढा

जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पीछे करीब तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए काफी गहरा गड्ढा खोदा गया था। पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण उसमें पानी भर गया था जिसके चलते निर्माण कार्य भी रुका हुआ था।

प्रारंभिक आशंका है कि गड्ढे में पानी जमा होने और मिट्टी खिसकने की वजह से मंदिर की इमारत की नींव कमजोर हुई होगी। इसके बाद दबाव बढ़ने पर तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया और गड्ढे में समा गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

धर्मशाला के तौर पर इस्तेमाल होता था हिस्सा

मंदिर के सुरक्षा गार्ड सूबेदार सिंह के अनुसार, यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें दक्षिण भारत से आने वाले लोगों की संख्या भी काफी रहती है। ढही हुई इमारत का इस्तेमाल धर्मशाला के रूप में होता था, जहां बाहर से आने वाले श्रद्धालु ठहरते थे। हादसे के वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद निर्माण कार्य और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन तकनीकी जांच कराने की बात कह रहा है। जांच से यह पता लगाया जाएगा कि इमारत गिरने की असली वजह क्या थी और निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

यह भी पढ़ें : जनता दर्शन में CM योगी ने 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं, बोले- हर शिकायत का समाधान…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments