Punjab Congress: पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर शुरू हुआ विवाद अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। पार्टी हाईकमान की ओर से मतभेद दूर करने की जिम्मेदारी संभाल रहे भूपेश बघेल मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और वरिष्ठ नेता परगट सिंह दिल्ली में होने के कारण इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि, आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में कांग्रेस मुख्यालय में अहम बैठक होगी, जिसमें तीनों नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक में पंजाब कांग्रेस के मौजूदा विवाद, संगठनात्मक मुद्दों और चुनावी रणनीति पर बातचीत हो सकती है।
जिला अध्यक्षों और समितियों के साथ होगी रणनीतिक बैठक
इधर भूपेश बघेल मंगलवार को सबसे पहले पंजाब कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद हाल ही में गठित चुनाव समिति, कोर कमेटी और अन्य समितियों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर साल 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर बातचीत करेंगे। इससे पहले सोमवार को उन्होंने चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह, विजय इंदर सिंगला, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लिया था।
राहुल गांधी से मुलाकात की कोशिश
इस बीच मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विदेश दौरे से लौटने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक चन्नी ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मुलाकात का समय तय नहीं हुआ था। माना जा रहा है कि चन्नी गुट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व और हालिया संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर अपनी आपत्तियां सीधे केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख सकता है।
दो गुटों के बीच नहीं बनी सहमति
उधर, प्रताप सिंह बाजवा भी चन्नी गुट और वड़िंग गुट के बीच बातचीत स्थापित कर विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सहमति बनती नजर नहीं आई है। पार्टी के भीतर दोनों धड़ों के बीच जारी खींचतान का असर साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
बघेल बोले- चन्नी से हुई है बात
भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी चरणजीत सिंह चन्नी से फोन पर बातचीत हुई है। चन्नी फिलहाल शहर से बाहर हैं और एक-दो दिन में लौटेंगे। उनके लौटने के बाद अलग से बैठक कर पंजाब की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बघेल ने कहा कि वह सभी नेताओं से व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत कर मतभेद दूर करने और पार्टी को एकजुट कर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
Read More:

