चंडीगढ़ में 18 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के पंजाब(Punjab) प्रभारी मनीष सिसोदिया ने आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में भगवंत सिंह मान सरकार ने जो काम किए हैं, अब उन्हें संगठन के माध्यम से सीधे जनता तक पहुंचाया जाएगा।
सिसोदिया के मुताबिक, आम आदमी पार्टी 20 सितंबर से पंजाब में बड़े स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान शुरू करेगी। इस अभियान में करीब 2.68 लाख बूथ कमेटी सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता लोगों से मिलेंगे। पंजाब में कुल 25,332 बूथ हैं और अभियान का उद्देश्य सरकार के कामकाज तथा योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है।
19 सितंबर को जारी होगा चुनावी पंपलेट
पार्टी की योजना के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 19 सितंबर को लुधियाना में चुनावी अभियान का पैंफलेट जारी करेंगे। इसके अगले दिन, यानी 20 सितंबर को वह धुरी में खुद घर-घर संपर्क अभियान में शामिल होंगे। इसी दौरान पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान भी चलाने की बात कही गई है।
सिसोदिया ने किया दावा
पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि मान सरकार ने अपने कार्यकाल में किए गए वादों और गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने रोजगार, महिलाओं से जुड़ी योजनाओं, व्यापारियों के लिए प्रशासनिक माहौल, नशे के खिलाफ कार्रवाई और सरकारी स्कूलों में सुविधाओं व शिक्षा में सुधार जैसे मुद्दों को अभियान का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों की जानकारी पार्टी कार्यकर्ता सीधे लोगों तक पहुंचाएंगे। सिसोदिया ने पिछली सरकारों के कार्यकाल को लेकर भी अपनी पार्टी का पक्ष रखा और आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के दौरान नशे की समस्या गंभीर हुई। उन्होंने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल के दौरान चुनावी वादों को पूरा न किए जाने का भी आरोप लगाया।