फिल्म ‘हनुमान अंश’(Hanuman Ansh) की बॉक्स ऑफिस रफ्तार रिलीज के छह हफ्ते बाद भी बनी हुई है। शुरुआत में फिल्म की कमाई काफी धीमी रही लेकिन तीसरे हफ्ते के बाद इसके कलेक्शन में अचानक तेजी देखने को मिली। इसके बाद फिल्म ने लगातार मजबूत कमाई दर्ज की और 42 दिनों में भारत में इसका नेट कलेक्शन 243.38 करोड़ रुपये पहुंच गया। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने छठे हफ्ते की शुरुआत 10.50 करोड़ रुपये से की।
इसके बाद शनिवार को 18.50 करोड़ और रविवार को 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। सोमवार और मंगलवार को फिल्म ने 8.25-8.25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि बुधवार को 6 करोड़ और 42वें दिन यानी गुरुवार को 6.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह छठे हफ्ते में फिल्म की भारत में नेट कमाई 80.25 करोड़ रुपये हो गई। 42वें दिन तक फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 287.40 करोड़ और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 309.15 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
‘धुरंधर 2’ के छठे हफ्ते से आगे
छठे हफ्ते की कमाई के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने ‘धुरंधर 2’ के इसी अवधि के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है। उपलब्ध Sacnilk आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ का छठे हफ्ते का कलेक्शन 12.45 करोड़ रुपये बताया गया था जबकि ‘हनुमान अंश’ ने 80.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
नीम करोली बाबा से प्रेरित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक ड्रामा है, जिसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित है। इसमें शोभिनव सत्या, विहान शेडगे और चंदन आनंद समेत कई कलाकार नजर आते हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 42 दिनों में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने के बाद फिल्म की कमाई अब भी जारी है।