प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी(CM Nayab Singh Saini) ने कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर से की। इस दौरान उन्होंने रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य सेवाओं और धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। राज्य सरकार के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी हिस्से में करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से नया सर्किट हाउस बनाने की घोषणा की। सरकार के मुताबिक, इस परियोजना से कुरुक्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। परियोजना की आगे की रूपरेखा तैयार किए जाने की बात कही गई है।
रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
CM सैनी ने ब्रह्मसरोवर के वीआईपी घाट पर आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने दो मेडिकल मोबाइल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल यूनिट में डॉक्टर, स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट की टीम रहेगी। इनके जरिए लोगों को उनके नजदीक नियमित स्वास्थ्य जांच और जरूरी टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
1.25 लाख दीयों से जगमगाया ब्रह्मसरोवर
कार्यक्रम के दौरान CM सैनी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और महाआरती में हिस्सा लिया। ब्रह्मसरोवर पर करीब 1.25 लाख दीये जलाए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सरकार की प्रमुख योजनाओं पर आधारित ड्रोन शो भी आयोजित किया गया।
CM सैनी ने कहा कि हरियाणा उत्तर भारत का पहला राज्य है, जिसने सरकारी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए सिंगल डोनर प्लेटलेट की सुविधा शुरू की है। सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य जरूरत के समय मरीजों को बेहतर रक्त और प्लेटलेट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना है।