HomeBreaking NewsIND vs AFG: Abhishek Sharma के तूफानी शतक से उड़ा अफगानिस्तान, 127...

IND vs AFG: Abhishek Sharma के तूफानी शतक से उड़ा अफगानिस्तान, 127 रन से जीता भारत, 3-0 से क्लीन स्वीप

IND vs AFG: बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बल्ले ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में ऐसा तूफान मचाया कि भारतीय टीम ने 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। अभिषेक ने महज 34 गेंदों पर 108 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने भी अर्धशतक जमाया। जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ढेर हो गई। भारत ने 127 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया।

30 गेंद में शतक का रिकॉर्ड

अभिषेक ने पहले सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद महज 30 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का सबसे तेज टी20 शतक और भारत की ओर से भी सबसे तेज टी20 शतक है। इससे पहले रोहित शर्मा ने 2017 में इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाया था।

11 छक्के और 9 चौके

अभिषेक शर्मा ने अपनी 108 रन की पारी में 11 छक्के और नौ चौके लगाए। यह उनके टी20 करियर का तीसरा शतक रहा। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने पिच पर बैठकर योग मुद्रा में जश्न मनाया। हाल ही में उनके मेंटोर युवराज सिंह के साथ उनकी कुछ तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर सामने आई थीं, जिनमें दोनों इटली में योग करते दिखे थे। अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाने पर युवराज कई बार उन्हें डांट भी लगा चुके हैं। इस जश्न के जरिए अभिषेक शायद यह दिखाना चाहते थे कि आक्रामक क्रिकेट के साथ संयम भी रखा जा सकता है।

पावरप्ले में 100 रन

अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। संजू ने पहले ओवर में संभलकर शुरुआत की, लेकिन दूसरे छोर पर आए अभिषेक शर्मा ने दूसरी ही गेंद पर चौका जड़ दिया। दूसरे ओवर में ओमरजई के खिलाफ उन्होंने दो छक्कों के साथ 17 रन बटोरे। तीसरे ओवर में फजलहक फारुकी को दो छक्के और दो चौके लगाकर 23 रन बनाए। पांचवें ओवर में मोहम्मद नबी की गेंदों पर संजू ने दो छक्के लगाए।

संजू ने पूरे किए 9000 रन

22 रन के निजी स्कोर पर संजू को जीवनदान मिला, जब कप्तान इब्राहिम जादरान ने उनका कैच छोड़ दिया। संजू ने एक रन पूरा करते ही अपने टी20 करियर में 9000 रन भी पूरे कर लिए। इसके बाद अभिषेक ने छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया और ओवर का अंत चौके व छक्के से किया। इस ओवर में 29 रन आए, जो अफगानिस्तान के लिए सबसे महंगा ओवर रहा। पांच ओवर में भारत 85 रन तक पहुंच गया और पावरप्ले खत्म होते-होते स्कोर 100 रन हो गया। भारत का सैकड़ा अभिषेक ने छक्के से पूरा किया।

221 रन तक पहुंचा भारत

पावरप्ले के बाद भी अभिषेक और संजू ने रन बनाने की रफ्तार बनाए रखी और 10 ओवर में भारत का स्कोर 142 रन पहुंच गया। दोनों के आउट होने के बाद रन गति कुछ धीमी हुई। भारतीय टीम ने 17वें ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार किया और 20 ओवर में सात विकेट पर 221 रन बनाए।

अक्षर ने दिए दो झटके

221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने शुरुआती तीन ओवर में 30 रन बनाए। चौथे ओवर में अक्षर पटेल ने पहले गुरबाज को आउट किया और उसी ओवर की आखिरी गेंद पर सेदिकुल्लाह अटल को भी पवेलियन भेज दिया। इससे अफगानिस्तान को दोहरा झटका लगा।

10 ओवर में आधी टीम आउट

जसप्रीत बुमराह ने पांचवें ओवर में शानदार यॉर्कर पर दरविश रसूली को शून्य पर आउट कर तीसरा विकेट हासिल किया। इसके बाद यश ठाकुर ने कप्तान इब्राहिम जादरान को 25 रन पर अपना शिकार बनाया। रवि बिश्नोई ने पदार्पण कर रहे नूर उल रहमान को आउट किया और 10 ओवर के भीतर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

नितीश ने एक ओवर में लिए तीन विकेट

नितीश कुमार रेड्डी ने दूसरे टी20 की शानदार गेंदबाजी के बाद तीसरे मुकाबले में भी अपना प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया। रवि बिश्नोई ने भी तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल को दो और जसप्रीत बुमराह व यश ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।

अफगानिस्तान की सबसे बड़ी टी20 हार

भारतीय गेंदबाजों के सामने अफगानिस्तान 14.1 ओवर में सिर्फ 94 रन पर ऑलआउट हो गया। भारत ने 127 रन से मैच जीत लिया। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास में अफगानिस्तान की सबसे बड़ी हार रही। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

Read More:

रात 9 बजे बंद होंगे बाजार और शादियों में मिलेगा सिर्फ एक डिश, पाकिस्तान में क्यों हो रहा ऐसा?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments