HomeBreaking NewsPM मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म...

PM मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने पर दिया जोर, अबू धाबी में होगी चौथे दौर की वार्ता

PM Modi-Zelensky Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध के हालिया घटनाक्रम और भारत-यूक्रेन के आपसी संबंधों को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति को सबसे बेहतर रास्ता बताते हुए शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत शांति स्थापित करने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने को तैयार है।

जेलेंस्की ने साझा किया युद्ध का ताजा हाल

बातचीत के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी को रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम की जानकारी दी और अपना पक्ष रखा। वहीं, पीएम मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि इस संघर्ष का स्थायी समाधान बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है।

भारत-यूक्रेन के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा

दोनों नेताओं ने केवल युद्ध के मुद्दे पर ही नहीं, बल्कि भारत और यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों पर भी विचार-विमर्श किया। बातचीत में आपसी हितों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

कीव पर रूस का भीषण मिसाइल हमला, 9 लोग घायल

पीएम मोदी और जेलेंस्की की बातचीत ऐसे समय हुई है, जब रूस ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर बड़ा हमला किया था। रातभर चले हमलों में कम से कम 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। रूसी हमलों में कई आवासीय मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

रूस ने दागीं 36 बैलिस्टिक मिसाइलें

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शनिवार को बयान जारी कर बताया कि रूस ने रातभर कीव और आसपास के क्षेत्रों में 36 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके अलावा कीव समेत यूक्रेन के 12 अन्य क्षेत्रों में 172 ड्रोन से हमले किए गए। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर त्रिपक्षीय वार्ता की तैयारी कर रहा है।

कीव के मेयर विताली क्लित्स्को के मुताबिक, रूसी हमलों में कीव और झितोमिर क्षेत्रों के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हमले के बाद नीप्रो नदी के पूर्वी तट पर स्थित बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ने वाले 816 मीटर लंबे नॉर्दर्न ब्रिज को भी बंद करना पड़ा।

धमाकों से दहशत में लोग

रूसी हमलों के दौरान कीव में रहने वाली 64 वर्षीय कातेरिना कोर्निचुक अपनी पोती के साथ घर पर मौजूद थीं। उन्होंने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि पहले विस्फोट के तेज झटके से वह और उनके परिजन दीवार से टकरा गए। उन्होंने कहा, “पहले विस्फोट से लगे झटके और कंपन से हम एक दीवार से टकराए और फिर दूसरी दीवार से टकरा गए, क्योंकि हम गलियारे में थे। यह बहुत मुश्किल है। न नींद है, न शांति- कुछ भी नहीं। बच्चे सो नहीं पा रहे हैं और हम भी नहीं। मैं बुजुर्ग हूं, इसे सह सकती हूं, लेकिन बच्चों ने क्या गलती की है?”

अबू धाबी में रूस-यूक्रेन-अमेरिका की चौथे दौर की बातचीत

युद्ध समाप्त करने की कोशिशों के बीच रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बैठक करने वाले हैं। यह तीनों देशों के बीच प्रस्तावित चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ऐसे में इस बैठक को रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की दिशा में एक अहम कूटनीतिक प्रयास माना जा रहा है।

Read More:

तुर्की के स्टील प्लांट में भीषण धमाका, आग की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत, 13 घायल, दो की हालत गंभीर

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments