HomeBreaking NewsPawan Kalyan Divorce: तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडाला से अलग हुए एक्टर पवन...

Pawan Kalyan Divorce: तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडाला से अलग हुए एक्टर पवन कल्याण, 13 साल की शादी खत्म, बोले- दोस्त बने रहेंगे

Pawan Kalyan Anna Konidela Separation: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण कोनिडाला अपनी पत्नी अन्ना कोनिडाला (अन्ना लेझनेवा) से अलग हो गए हैं। दोनों ने अपनी 13 साल पुरानी शादी खत्म करने का फैसला किया है। कपल ने एक संयुक्त बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह फैसला आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया है। हालांकि, अलग होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे।

साझा बयान में कही दोस्त बने रहने की बात

पवन कल्याण और अन्ना ने अपने बयान में कहा, ‘अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे. बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी. जीवन के इस बदलाव के दौर में हम आपसे समझदारी, दया और हमारी निजता (प्राइवेसी) के प्रति सम्मान की उम्मीद करते हैं. इस पूरे सफर में जो लोग हमारे साथ खड़े रहे, हम उन सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं.’

2023 में आई थी रिश्ते में अनबन की खबर

दोनों के रिश्ते में खटास आने की चर्चाएं पहली बार साल 2023 में सामने आई थीं। हालांकि, उस समय इन खबरों को खारिज कर दिया गया था। इसके बाद भी अन्ना कई पारिवारिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में पवन कल्याण के साथ नजर आई थीं। इनमें चुनावी जीत के बाद आयोजित पारंपरिक रस्में भी शामिल थीं।

अन्ना सोशल मीडिया पर भी अपनी पारिवारिक जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें और झलकियां साझा करती रहती थीं। उन्होंने अपनी सास अंजना देवी से पारंपरिक तेलुगु व्यंजन बनाना भी सीखा था। इनमें मसाला चिकन करी भी शामिल थी।

‘तीन मार’ के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात

रूस में जन्मीं अन्ना लेझनेवा पेशे से मॉडल और अभिनेत्री हैं। उनकी मुलाकात साल 2011 में फिल्म ‘तीन मार’ की शूटिंग के दौरान पवन कल्याण से हुई थी। इसके बाद दोनों करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करते रहे। फिर 30 सितंबर 2013 को हैदराबाद में शादी कर ली। इस शादी से दोनों के दो बच्चे हैं। उनके बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच और बेटी का नाम पोलिना अंजना पवनोवा है।

पवन कल्याण की तीसरी शादी भी हुई खत्म

पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने साल 1997 में नंदिनी से शादी की थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और साल 2008 में दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद साल 2009 में पवन कल्याण ने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे अकीरा नंदन और आध्या हैं। साल 2012 में पवन और रेणु भी अलग हो गए थे। अब अन्ना कोनिडाला से अलग होने के फैसले के साथ पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई है।

तलाक की वजह और बच्चों की कस्टडी पर नहीं दी जानकारी

पवन कल्याण और अन्ना ने अपने साझा बयान में अलग होने के फैसले की पुष्टि तो की है, लेकिन इसके पीछे की वजह नहीं बताई। साथ ही, तलाक की कानूनी प्रक्रिया और बच्चों की कस्टडी को लेकर भी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। दोनों ने इस मुश्किल दौर में अपनी निजता का सम्मान करने की अपील की है।

Read More:

PM मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने पर दिया जोर, अबू धाबी में होगी चौथे दौर की वार्ता

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments