HomeBreaking Newsजींद के बाद पंजाब जाएंगे PM मोदी, 75 रेलवे स्टेशनों का करेंगे...

जींद के बाद पंजाब जाएंगे PM मोदी, 75 रेलवे स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन, हाई अलर्ट पर जालंधर, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को हरियाणा-पंजाब दौरे पर रहेंगे। जींद में देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद वे पंजाब जाएंगे। उनका यह दौरा रेलवे और बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर करीब 80 मिनट रुकेंगे और यहीं से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान वह अमृतसर के छेहर्टा से वाराणसी के लिए शुरू होने वाली संत रविदास एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे और माना जा रहा है कि वह पंजाब के लिए कुछ नई घोषणाएं भी कर सकते हैं।

आदमपुर से जालंधर कैंट तक रहेगा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री का विशेष विमान आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए पीएपी परिसर स्थित हैलीपैड पहुंचेंगे और फिर सड़क मार्ग से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम पूरा करने के बाद वह मंच से लोगों को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को उनकी वापसी होगी।

प्रधानमंत्री का पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री दोपहर 3:40 बजे आदमपुर से पीएपी परिसर स्थित हैलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 3:55 बजे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां 3:55 बजे से 4:30 बजे तक जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे और संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। शाम 4:30 बजे से 5:15 बजे तक वह देश को संबोधित करेंगे। इस दौरान रेल मंत्री के भी संबोधन की संभावना है। प्रधानमंत्री शाम 5:15 बजे वापस रवाना होंगे।

सुरक्षा व्यस्था की गई कड़ी

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे जालंधर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। विशेष सुरक्षा समूह (SPG), पंजाब पुलिस, रेलवे पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थल और पूरे वीवीआईपी रूट की कई बार सुरक्षा जांच की जा चुकी है। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां लगातार चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की भी विशेष तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चार विशेष चिकित्सा दल तैनात किए हैं। इन टीमों में विशेषज्ञ चिकित्सक, एनेस्थीसिया एक्सपर्ट्स, पैथोलॉजिस्ट और फार्मासिस्ट शामिल हैं। सभी चिकित्सा दल अत्याधुनिक जीवन रक्षक एंबुलेंस, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, आपातकालीन दवाइयों और जरुरी रक्त यूनिट के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे।

2 से 5.30 बजे तक रेलवे व सड़क मार्ग प्रभावित

सुरक्षा व्यवस्था के चलते दोपहर करीब दो बजे से शाम 5:30 बजे तक रेलवे ब्लॉक लगाए जाने की संभावना है। इससे लगभग 15 रेलगाड़ियां प्रभावित हो सकती हैं। कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जा सकता है, जबकि कुछ ट्रेनों को पहले के स्टेशनों पर ही रोका जा सकता है। पुलिस ने लोगों से दोपहर दो बजे से शाम 5:30 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यात्रा से बचने की अपील की है। इस दौरान कई स्थानों पर यातायात डायवर्ट रहेगा और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की तैयारी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी की है। इसके लिए हजारों लोगों के बैठने और खड़े होने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का सरकारी और राजनीतिक हिस्सा अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।

110 साल पुराने स्टेशन की बदली तस्वीर

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ उसकी विरासत को भी ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां दो नए फुटओवर ब्रिज, आठ एस्केलेटर, दस लिफ्ट, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, महिलाओं के लिए अलग कमरे, शिशु देखभाल कमरे, हेल्प डेस्क, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा, विस्तारित पार्किंग, वर्षा जल संरक्षण प्रणाली और अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन की नई इमारत को ऊर्जा दक्ष तकनीक और आधुनिक डिजाइन के हिसाब से तैयार किया गया है।

रेलवे विकास के लिए अहम माना जा रहा दौरा

प्रधानमंत्री के इस दौरे को पंजाब में रेलवे विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।

Read More:

जींद दौरे पर PM मोदी, देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, CM सैनी भी रहेंगे मौजूद, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments