नेपाल(Nepal) में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। मुस्तांग जिले में रविवार को भूस्खलन की एक बड़ी घटना सामने आई जब पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर कालीगंडकी नदी में जा गिरा। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि चट्टान और मिट्टी का बड़ा हिस्सा कुछ ही सेकेंड में ढलान से नीचे खिसकता है और नदी का रास्ता मलबे से भर जाता है।
भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। नारायणी नदी में बंधे एक क्रूज शिप की रस्सी टूट गई। इसके बाद तेज बहाव में जहाज करीब 100 मीटर तक बह गया और एक पुल के पिलर से जा टकराया। लगातार बढ़ते जलस्तर ने कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
24 घंटे में घटीं 272 घटनाएं
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, 24 घंटे में देशभर में 272 आपदा से जुड़ी घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 21 लोगों की मौत हुई चार लोग लापता बताए गए और 26 लोग घायल हुए। इस दौरान भूस्खलन की 97 घटनाएं दर्ज की गईं जो सबसे अधिक थीं।
खतरे के निशान के ऊपर पहुंची नदियां
चितवन समेत कई इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। लगातार बारिश के चलते सड़कों पर भूस्खलन और मिट्टी धंसने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कई सड़क मार्ग बाधित हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं।
पिछले महीने की त्रासदी के बाद फिर संकट
नेपाल अभी अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि भारी बारिश ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। अगस्त की आपदा में 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग लापता हुए थे।
मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। भूस्खलन और अचानक बढ़ते नदी के जलस्तर के कारण कई क्षेत्रों में अभी भी खतरा बना हुआ है।