Monsoon Arrives in Delhi-NCR: दिल्ली और उससे सटे NCR के इलाकों में रविवार को हुई बारिश ने कई दिनों से लोगों को परेशान कर रही भीषण उमस और गर्मी से राहत दिला दी है। IMD के अनुसार, अब पूरे हफ्ते दिल्ली-NCR में बारिश जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
2 जुलाई को पहुंचा था मानसून
दरअसल, दक्षिण-पश्चिम मानसून 2 जुलाई को ही दिल्ली पहुंच गया था, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली में अच्छी बारिश नहीं हो सकी। इसे लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे थे कि मानसून आने के बाद भी दिल्ली में बारिश क्यों नहीं हो रही। मौसम एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ओडिशा के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसूनी ट्रफ मध्य भारत की ओर खिंच गई थी। इसी वजह से दिल्ली में बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी रहीं।
अब पूरे हफ्ते होगी बारिश
अब मौसम का मिजाज बदल चुका है। रविवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की तेजी और बढ़ सकती है। सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि इसके बाद भी पूरे हफ्ते रुक-रुककर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
तापमान और नमी का हाल
रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 77% दर्ज की गई, जिसके कारण बारिश से पहले लोगों को काफी उमस का सामना करना पड़ा।
‘रियल फील’ ने बढ़ाई परेशानी
पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से कम रहने के बावजूद नमी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन अत्यधिक आर्द्रता के कारण ‘रियल फील’ तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी वजह से लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई।
बारिश के आंकड़े अब भी पीछे
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार जून महीने में दिल्ली सामान्य से काफी पीछे रही। 1 जून से 30 जून के बीच दिल्ली में केवल 32.91 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 74.1 मिमी बारिश होती है। यानी जून महीने में दिल्ली में करीब 55.6 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई।
IMD ने लोगों को दी सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि एक्टिव मानसूनी सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी। हालांकि लगातार बारिश वाले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
Read More:

