नोएडा के सेक्टर 17 में रहने वाले करीब साढ़े 5 साल के अव्युक्त सिंह(Avyukt Singh) ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और काबिलियत के दम पर एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। बेहद कम उम्र में ही उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर अपने माता-पिता को तो खुल किया ही है और इसी के साथ देश का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया है।
8 फरवरी 2026 को हुए एक आधिकारिक रिकॉर्ड अटेम्प्ट के दौरान अव्युक्त ने स्क्रीन पर दिखाए गए विभिन्न डायनासोरों की तेजी से पहचान की। उन्होंने न सिर्फ उन्हें सही-सही पहचाना बल्कि उनके मुश्किल वैज्ञानिक नाम भी बिना रुके और बिना किसी गलती के बोलकर बता दिए। यह काम उन्होंने महज 1 मिनट 46 सेकंड में ही पूरा कर दिखाया जो अपने आप में बेहद असाधारण माना गया है। उनके इसी प्रयास के साथ उन्होंने पहले के 41 डायनासोर पहचानने वाले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर लिया है।
पहले भी कई रिकॉर्ड किए अपने नाम
यह पहली बार नहीं है जब अव्युक्त ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई हो। इतनी छोटी उम्र में उनके नाम पहले से ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। बताया जाता है कि यह उनका छठा विश्व रिकॉर्ड है जो उनकी लगातार बढ़ती प्रतिभा और सीखने की क्षमता को दर्शाता है।
अव्युक्त की माता निधि शर्मा के मुताबिक, बचपन से ही उनमें सीखने और याद रखने की असाधारण क्षमता दिखाई देती रही है। परिवार, शिक्षकों और मार्गदर्शकों ने उनकी प्रतिभा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लगातार प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उनकी क्षमता को निखारने में मदद की है।
बच्चों के लिए प्रेरणा बना नन्हा मासूम
इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना अव्युक्त को अन्य बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणा बनाता है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, अभ्यास और लगन के साथ किसी भी उम्र में बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।