AI Photo Cyber Fraud: बढ़ती टेक्नोलॉजी के साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग अब लोगों को निशाना बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रहे हैं। AI से तैयार की गई फर्जी तस्वीरों के जरिए लोगों को भ्रमित कर साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसे कई मामले सामने आने के बाद सरकार ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए पांच ऐसे संकेत बताए हैं, जिनकी मदद से AI जनरेटेड फोटो की पहचान की जा सकती है।
फोटो का सोर्स जरूर जांचें
किसी भी वायरल तस्वीर पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि फोटो किसने पोस्ट की है और क्या उसे किसी विश्वसनीय समाचार संस्था या आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया है। अगर तस्वीर किसी संदिग्ध अकाउंट या अनजान वेबसाइट से आई है तो उसे बिना जांचे आगे शेयर करने से बचना चाहिए।
बैकग्राउंड की बारीकियां देखें
AI से तैयार की गई फर्जी तस्वीरों में अक्सर बैकग्राउंड पर कम ध्यान दिया जाता है। कई बार दीवारें टेढ़ी दिखाई देती हैं, वस्तुएं एक-दूसरे में घुली हुई नजर आती हैं या किसी चीज का आकार असामान्य लगता है। ऐसी छोटी-छोटी गड़बड़ियां फोटो के नकली होने का संकेत हो सकती हैं।
लाइट और परछाई पर रखें नजर
अगर किसी तस्वीर में व्यक्ति के चेहरे पर रोशनी एक दिशा से आ रही हो, लेकिन उसकी परछाई दूसरी दिशा में दिखाई दे रही हो, तो ऐसी तस्वीर AI जनरेटेड हो सकती है। सामान्य तौर पर असली तस्वीरों में रोशनी और परछाई का संतुलन स्वाभाविक होता है।
चेहरे और हाथों की जांच करें
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि AI से बनी तस्वीरों में अक्सर चेहरे और शरीर की बारीकियों में गड़बड़ी दिखाई देती है। कई बार आंखों का आकार अलग-अलग होता है, कान असामान्य लगते हैं या उंगलियों की संख्या और उनका डिजाइन गलत नजर आता है। अगर किसी फोटो में चेहरा या हाथ अजीब दिखाई दें तो सतर्क हो जाना चाहिए।
AI डिटेक्शन टूल से करें जांच
अगर किसी तस्वीर पर संदेह हो तो रिवर्स इमेज सर्च या AI इमेज डिटेक्शन टूल की मदद ली जा सकती है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि फोटो पहले कहीं प्रकाशित हुई है या उसमें डिजिटल बदलाव किए गए हैं।
फेक फोटो मिले तो क्या करें
अगर आपको कोई संदिग्ध AI फोटो मिले तो उसे बिना जांचे सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर शेयर न करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्लेटफॉर्म पर उसकी रिपोर्ट करें और अपने परिवार व दोस्तों को भी ऐसे साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक करें।
Read More:
दिल्ली-NCR में मानसून की हुई एंट्री! अब पूरे हफ्ते होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

