Microsoft CEO Satya Nadella Warning on Superintelligence: AI के तेजी से विकसित होने के बीच माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने सुपरइंटेलिजेंस को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। नडेला का कहना है कि अगर भविष्य की सुपरइंटेलिजेंस मानव नियंत्रण में नहीं रहती और मानवता के हित में काम नहीं करती, तो ऐसी तकनीक को आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है। उनका जोर AI के विकास के साथ सुरक्षा, नियंत्रण और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर है।
AI की रफ्तार पर संतुलन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी राय रखते हुए नडेला ने कहा कि सुपरइंटेलिजेंस विकसित करने का मूल सिद्धांत साफ होना चाहिए और AI की दिशा तय करने में इंसानी सुरक्षा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने AI के विकास को पूरी तरह रोकने की मांग नहीं की, बल्कि कंपनियों से बिना सोचे-समझे तेज दौड़ लगाने के बजाय सुरक्षित गति अपनाने की अपील की।
मजबूत मूल्यांकन प्रणाली जरूरी
नडेला ने व्यापक भागीदारी और मजबूत मूल्यांकन व्यवस्था की जरूरत बताई। उनका मानना है कि AI केवल कुछ कंपनियों या संस्थाओं के हाथों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसी दिशा में माइक्रोसॉफ्ट अपने फर्स्ट-पार्टी MAI मॉडल्स के लिए एक सार्वजनिक कोड ऑफ कंडक्ट जारी करेगा और उस पर लोगों से सुझाव भी लिए जाएंगे।
कंपनियां अपनी सोच न सौंपें
नडेला ने कंपनियों को अपने विशिष्ट और अप्रकट ज्ञान (Tacit Knowledge) पर नियंत्रण बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने चेताया कि अगर कोई संगठन अपने ज्ञान और निर्णय लेने की क्षमता को किसी एक AI कंपनी को सौंप देता है, तो उसकी अपनी सोचने और निर्णय लेने की क्षमता को आउटसोर्स करने का गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है।
एक मॉडल पर निर्भरता से बचें
माइक्रोसॉफ्ट CEO ने यह भी कहा कि कंपनियों को अपने डेटा और इंफ्रास्ट्रक्चर को किसी एक AI मॉडल पर निर्भर नहीं करना चाहिए। ऐसा सिस्टम होना चाहिए जिसमें जरूरत पड़ने पर संगठन अपना नियंत्रण बनाए रखते हुए अलग-अलग AI मॉडलों के बीच बदलाव कर सकें।
AI का लाभ सभी तक पहुंचे
नडेला ने लिखा, “हमें AI के विकास की गति बढ़ाने के साथ-साथ इसके लाभों को व्यापक रूप से फैलाने की भी आवश्यकता है, ताकि दुनिया के अलग-अलग देशों, समुदायों और कंपनियों तक इसका लाभ समान रूप से पहुंच सके.इसके लिए एक ऐसा अग्रणी AI इकोसिस्टम जरूरी है, जिसमें क्लोज्ड और ओपन-सोर्स, दोनों तरह के मॉडल फल-फूल सकें।”
कुछ कंपनियों का एकाधिकार नहीं
नडेला ने शक्तिशाली AI तकनीक पर कुछ चुनिंदा टेक कंपनियों के एकाधिकार पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक AI की सुरक्षा और इसकी दिशा तय करने की जिम्मेदारी पूरे इकोसिस्टम की होनी चाहिए। इसमें अलग-अलग देशों के साथ उद्योग और शिक्षा जगत की भी भागीदारी जरूरी है।
सुरक्षा डिजाइन का हिस्सा बने
उन्होंने AI सिस्टम में सुरक्षा को बाद में जोड़ने के बजाय शुरुआत से ही डिजाइन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इसके लिए ‘Embedded Evaluators’ जैसे टूल्स विकसित करने की जरूरत बताई गई है, ताकि AI सिस्टम का मूल्यांकन और सुरक्षा प्रक्रिया लगातार मजबूत की जा सके।
वैज्ञानिक भी जता चुके हैं चिंता
नडेला की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब AI क्षेत्र से जुड़े शोधकर्ता भी सुपरइंटेलिजेंस के संभावित खतरों को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। पूर्व OpenAI और Anthropic शोधकर्ता जैकब कॉक्सन ने कंपनियों पर “खुद में सुधार करने वाली सुपरइंटेलिजेंस” की दिशा में जरूरत से ज्यादा तेजी से आगे बढ़ने का आरोप लगाया है।
10% से ज्यादा जोखिम का दावा
Anthropic के शोधकर्ता इवान ह्यूबिंगर ने भी AI से मानवता के लिए संभावित खतरे पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने X पर कहा कि अगले एक दशक में AI के कारण पूरी मानव जाति के खत्म होने की संभावना उनके आकलन में 10 फीसदी से अधिक है।
Recursive Self-Improvement पर डर
विशेषज्ञों की चिंता खास तौर पर ‘Recursive Self-Improvement’ को लेकर है। इसमें AI सिस्टम अपने और अधिक सक्षम संस्करण विकसित करने में सक्षम हो सकता है। आशंका यह है कि अगर ऐसी प्रक्रिया बहुत तेजी से आगे बढ़ी, तो इंसानों के लिए AI की क्षमताओं को समझना और उस पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो सकता है।
Read More:
हार भी और जुर्माना भी! बर्मिंघम टेस्ट के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर गिरा ICC का चाबुक

