उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक दुकान में लगी भीषण आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग कुछ ही मिनटों में इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। सबसे चिंता की बात यह रही कि दुकान के ऊपर एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, जहां उस समय छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
धुएं और लपटों के बीच मची भगदड़
लोगों के मुताबिक, आग लगते ही धुएं ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जान बचाने की कोशिश में कुछ लोगों को छज्जों और छत से नीचे कूदना पड़ा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थानीय नागरिकों ने फंसे हुए छात्रों और अन्य लोगों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। बाद में दमकल विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटीं
दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं, जबकि पुलिस और बचाव दल इमारत के अलग-अलग हिस्सों की जांच कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
CM योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा है।
Read More
IFS संजीव चतुर्वेदी का बड़ा आरोप, ‘भ्रष्टाचार उजागर किया तो घटा दी ग्रेडिंग’, CAT ने मांगा जवाब

