उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने सोमवार को फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र स्थित उसायनी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने करीब 658 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही इस सभा में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी, जबकि वर्तमान सरकार में अपराध और अराजकता पर नियंत्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में “न कर्फ्यू है, न दंगा, बल्कि शांति और विकास का माहौल है।”
CM योगी ने सपा पर बोला हमला
CM योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में विकास की जगह अपराधियों और माफियाओं का प्रभाव ज्यादा था। उन्होंने कहा कि पहले जहां कथित तौर पर हर जिले में माफियाओं का दबदबा था वहीं अब सरकार की प्राथमिकता उद्योग, रोजगार और विकास को बढ़ावा देना है।
CM योगी ने फिरोजाबाद के प्रसिद्ध कांच और चूड़ी उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि यह उद्योग प्रदेश की पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण स्थानीय कारोबार को नई दिशा मिली है और यहां के उत्पाद देश-विदेश तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने उद्योग से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों के योगदान की भी प्रशंसा की।
बिजली संकट थी बड़ी समस्या
CM योगी ने बिजली व्यवस्था को लेकर कांग्रेस, सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में बिजली संकट बड़ी समस्या थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने बिजली आपूर्ति, गरीब कल्याण योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में गरीबों को आवास, राशन और अन्य सुविधाओं से वंचित रखा गया जबकि मौजूदा सरकार इन योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
फिरोजाबाद को बताया सुहागनगरी
CM योगी ने फिरोजाबाद को ‘सुहागनगरी’ बताते हुए कहा कि यहां की चूड़ियां देशभर में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक उद्योगों को मजबूत करने और स्थानीय कारीगरों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।