HomeBreaking News'अब पहले जैसा नहीं रहा', कोच जसपाल राणा के निधन से टूटीं...

‘अब पहले जैसा नहीं रहा’, कोच जसपाल राणा के निधन से टूटीं ओलंप‍िक मेडल‍िस्ट मनु भाकर, दो शब्दों में बयां किया दर्द, आज अंतिम संस्कार

Manu Bhaker on Coach Jaspal Rana Death: दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर मनु भाकर अपने कोच जसपाल राणा के अचानक निधन से बुरी तरह टूट गई हैं। मनु ने जसपाल राणा को श्रद्धांजलि देने के लिए देहरादून में उनके घर का दौरा किया और इस दौरान वह अपने आँसू नहीं रोक पाईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कोच के साथ अपनी तीन खास तस्वीरें साझा करते हुए सिर्फ दो शब्द लिखे ‘अपूर्णीय क्षति’। इस दो शब्दों के संदेश ने उनके दुख और अपने गुरु के प्रति सम्मान को बयां किया है। मशहूर भारतीय शूटर और कोच का शुक्रवार को निधन हो गया, वह 49 साल के थे। मनु को ओलंपिक मेडल दिलाने में राणा ने अहम भूमिका निभाई थी।

तस्वीरों में दिखा वर्षों का सफल सफर

मनु भाकर ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उनमें मनु और कोच जसपाल राणा के बीच लंबे समय से चले आ रहे गुरु-शिष्य संबंध की झलक दिखाई देती है। एक तस्वीर ओलंपिक रिंग्स के सामने की है, जबकि अन्य तस्वीरों में दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान भारतीय तिरंगे के साथ नजर आ रहे हैं। ये तस्वीरें भारतीय शूटिंग में दोनों की उपलब्धियों को बता रही हैं।

2016 में शुरू हुआ था गुरु-शिष्य का साथ

मनु भाकर और जसपाल राणा का साथ वर्ष 2016 में शुरू हुआ था। शुरुआत में जसपाल राणा भारतीय शूटिंग टीम के कोच के रूप में जुड़े थे, लेकिन बाद में उन्होंने मनु के कोच की भूमिका भी निभाई। समय के साथ दोनों का रिश्ता केवल खिलाड़ी और कोच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परिवार जैसा मजबूत बन गया था।

निधन से एक दिन पहले हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों और करीबी सूत्रों के अनुसार, जसपाल राणा और मनु भाकर के बीच निधन से एक दिन पहले ही फोन पर बातचीत हुई थी। बताया जाता है कि उस दौरान राणा अपनी सेहत में हो रहे सुधार के बारे में उनसे बातचीत कर रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह दोनों के बीच आखिरी बातचीत होगी।

देहरादून कैंप में मिली थी निधन की खबर

जसपाल राणा के निधन की खबर उस समय सामने आई जब मनु भाकर देहरादून में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के कैंप और प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थीं। शुरुआती कुछ समय तक यह खबर उनसे छिपाकर रखी गई, लेकिन जैसे ही उन्हें अपने गुरु के निधन की जानकारी मिली, वो गहरे सदमे में आ गईं। बताया जाता है कि भावनात्मक रूप से टूट जाने के कारण उन्होंने प्रतियोगिता बीच में ही छोड़ दी।

मनु के लिए यकीन करना हुआ मुश्किल

Olympics.com से बात करते हुए मनु ने कहा, “मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है। यह अविश्वसनीय खबर है। मुझे इस बात को स्वीकार करने में मुश्किल हो रही है। वह सिर्फ़ मेरे कोच नहीं थे, वह मेरे मेंटर और गाइड भी थे। उससे भी बढ़कर, वह एक ऐसे दोस्त थे जो मुझे किसी भी और व्यक्ति से बेहतर समझते थे।” उन्होंने कहा, ”शूटिंग रेंज अब कभी पहले जैसा नहीं रहेगा। उनकी आवाज़, उनकी सलाह और उनकी मौजूदगी मेरी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा थे। यह सोचकर ही बहुत तकलीफ़ होती है कि वे अब मेरे साथ खड़े नहीं होंगे।”

भारतीय शूटिंग की सबसे सफल जोड़ियों में थी गिनती

भारतीय निशानेबाजी में मनु भाकर और जसपाल राणा की जोड़ी को सबसे सफल गुरु-शिष्य जोड़ियों में शामिल किया जाता है। मनु की कई बड़ी उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय सफलताओं के पीछे जसपाल राणा के मार्गदर्शन को अहम माना जाता है। उनके निधन से मनु को व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों तरह से बड़ा झटका लगा है।

आज होगा अंतिम संस्कार

भारतीय निशानेबाजी जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। देश को कई अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाने वाले और ‘गोल्डन बॉय’ के नाम से प्रसिद्ध जसपाल राणा का निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए शूटिंग रेंज में रखा गया, जहां खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी और शुभचिंतक बड़ी संख्या में पहुंचे।

देश ने खोया ‘गोल्डन बॉय’

शुक्रवार शाम से शुरू हुए अंतिम दर्शन शनिवार तक हो सकेंगे। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा वाराणसी के मणिकर्णिका घाट के लिए रवाना की जाएगी, जहां पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। जसपाल राणा ने भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन से खेल जगत ने एक अनुभवी खिलाड़ी, सफल कोच और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को खो दिया है। परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के बीच शोक का माहौल है और हर कोई उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंच रहा है।

Read More:

हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका, एक के बाद एक कई ड्रम फटने से मचा हाहाकार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments