Hapur Chemical Factory Fire: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के ककराना गांव में शुक्रवार शाम एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जबकि आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया।
कई जिलों से बुलानी पड़ी दमकल
आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए हापुड़ के अलावा गाजियाबाद से भी अतिरिक्त फायर टेंडर और दमकल कर्मियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं।
केमिकल भंडारण क्षेत्र से फैली आग
जानकारी के अनुसार ककराना गांव स्थित वीडीएच नामक फैक्ट्री गाजियाबाद के कारोबारी गगनदीप सिंह की बताई जा रही है। इसमें सुगंधित उत्पादों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के केमिकल तैयार किए जाते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग फैक्ट्री के केमिकल भंडारण क्षेत्र में लगी, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
धमाकों की आवाज से दहशत
आग लगने के दौरान फैक्ट्री परिसर से कई तेज ड्रम फटने के धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। लगातार हो रहे विस्फोटों से आसपास के ग्रामीणों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाकर सुरक्षित जगहों की ओर भागे, जबकि प्रशासन ने भी एहतियातन आसपास के क्षेत्रों को खाली कराना शुरू कर दिया।
#WATCH | हापुड़, उत्तर प्रदेश: UPSIDC धौलाना इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/dTUkAR8yw2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 12, 2026
सुरक्षा के लिए खाली कराया गया इलाका
किसी भी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमों ने फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया। अधिकारियों ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी और बचाव कार्य में जुटी टीमों को सहयोग देने का अनुरोध किया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
Read More:

