आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से राहत भरी खबर आई है। IMF के कार्यकारी बोर्ड ने पाकिस्तान के लिए 1.2 अरब डॉलर के वित्तीय पैकेज को मंजूरी दे दी है। यह राशि दो अलग-अलग आर्थिक कार्यक्रमों के तहत जारी की जाएगी। इस फैसले को पाकिस्तान की कमजोर होती अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंजूर की गई राशि अगले सप्ताह तक पाकिस्तान को जारी की जा सकती है।
EFF और RSF कार्यक्रम के तहत मिलेगी राशि
जानकारी के अनुसार, IMF ने सितंबर 2024 में पाकिस्तान के साथ 37 महीनों के लिए 7 अरब डॉलर के ‘एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी’ (EFF) कार्यक्रम पर सहमति जताई थी। अब इसी योजना के तहत पाकिस्तान को करीब 1 अरब डॉलर की नई किश्त दी जाएगी। इसके अलावा ‘रेजिलिएंस एंड सस्टेनेबिलिटी फैसिलिटी’ (RSF) के तहत जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक चुनौतियों से निपटने के लिए 21 करोड़ डॉलर अतिरिक्त दिए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान अब तक IMF के दो बड़े पैकेजों के तहत कुल 4.5 अरब डॉलर की राशि प्राप्त कर चुका है।
विदेशी मुद्रा भंडार को मिलेगा सहारा
जानकारी के अनुसार, नई राशि मिलने के बाद देश के केंद्रीय बैंक का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अरब डॉलर से अधिक पहुंच सकता है। सरकार को उम्मीद है कि इससे आर्थिक दबाव कुछ कम होगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा।
IMF की शर्तों पर जोर
IMF की मंजूरी पाकिस्तान सरकार द्वारा तय आर्थिक लक्ष्यों को पूरा करने के बाद मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने दिसंबर 2025 तक निर्धारित कई राजकोषीय मानकों को पूरा किया है। हालांकि टैक्स कलेक्शन में बेहतर प्रदर्शन नहीं हो पाया। राजस्व की कमी पूरी करने के लिए सरकार ने पेट्रोलियम लेवी में बढ़ोतरी जैसे कदम उठाए हैं। पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा है कि सरकार आर्थिक सुधारों के एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। पाकिस्तान ने IMF को भरोसा दिया है कि वह क्षेत्रीय तनाव और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद वित्तीय अनुशासन बनाए रखेगा। सरकार ने 3.4 ट्रिलियन रुपये के प्राथमिक बजट अधिशेष का लक्ष्य तय किया है। बताया जा रहा है कि आगामी बजट भी IMF के सुझावों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
Read More
तेलंगाना में रिटायर्ड शिक्षक दंपति साइबर ठगी का शिकार, ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लूटे 82 लाख रुपये

